logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बिहार: चारा काटने गई थीं महिलाएं, बदमाशों ने एक को मार डाला, दूसरी घायल

कटिहार के अमदाबाद थाना क्षेत्र के बहरसाल दियारा में चारा काटने गई दो महिलाओं पर हमला हुआ। एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।

AI generated image of police

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे बहरसाल दियारा में चारा काटने गई दो महिलाओं पर अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही बिहार और पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमले की वजह और आरोपियों का पता लगाने के लिए कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।

 

मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिशचंद्रपुर थाना क्षेत्र निवासी चंद्रिका मंडल के रूप में हुई है। घायल महिला की पहचान रुम्पा मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं मवेशियों के लिए चारा लेने बहरसाल दियारा आई थीं। दोनों अक्सर इस इलाके में घास काटने आती थीं। बुधवार सुबह भी वे घर से चारा लेने निकली थीं। इसी दौरान दियारा के सुनसान इलाके में अज्ञात हमलावरों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में चंद्रिका मंडल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रुम्पा मंडल गंभीर रूप से घायल हो गई।

 

यह भी पढ़ें: सासाराम में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, जमुई में हथियार बरामद, 6 गिरफ्तार

 

स्थानीय लोगों ने जब महिलाओं को खून से सना देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमदाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही बंगाल सीमा से सटे होने के कारण पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने चंद्रिका मंडल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल रुम्पा मंडल को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।

बिहार- बंगाल सीमा पर बढ़ी निगरानी

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोनों महिलाओं के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही इस बात की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या और हमले के एंगल से जांच कर रही है। अमदाबाद थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से खून से सने हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। दियारा इलाके में आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।

 

बहरसाल दियारा इलाका बिहार-बंगाल सीमा पर स्थित है। यहां अक्सर दोनों राज्यों के लोग मवेशियों के लिए चारा काटने आते हैं। इसी का फायदा उठाकर अपराधी वारदात को अंजाम देकर सीमा पार भाग जाते हैं। इसलिए घटना की सूचना मिलते ही कटिहार पुलिस के साथ-साथ मालदा और हरिशचंद्रपुर पुलिस भी एक्टिव हो गई है। दोनों राज्यों की पुलिस संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। दियारा में आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही मालदा के हरिशचंद्रपुर से चंद्रिका और रुम्पा के परिजन कटिहार पहुंचे। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि दोनों महिलाएं गरीब परिवार से हैं। घर में मवेशी हैं इसलिए रोजाना चारा काटने दियारा आती थीं। उन्हें कभी नहीं लगा था कि उनके साथ ऐसा होगा। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

 

यह भी पढ़ें: BPSC AEDO परीक्षा धांधली में EOU की बड़ी कार्रवाई, बायोमेट्रिक ऑपरेटर गिरफ्तार

पुलिस कई एंगल से कर रही जांच

पुलिस इस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं लूट के इरादे से तो महिलाओं पर हमला नहीं किया गया। इसके अलावा पुरानी रंजिश की बात भी जांची जा रही है। परिजनों की ओर से लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों की भी जांच हो रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद स्थिति ज्यादा साफ हो सकेगी। फिलहाल आसपास के गांवों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।

 

इस वारदात के बाद बहरसाल दियारा और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले सुनसान इलाके में न जाएं। एसपी ने कहा कि यह जघन्य अपराध है। आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


और पढ़ें