उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बांसगांव इलाके में एक घटना सामने आई है। वहां एक 19 साल के लड़के शुभम मिश्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। ऐसा बताया जा रहा है कि शुभम घर पर अकेला सो रहा था जब उस पर हमला हुआ। अभी तक हत्या करने वालों का पता नहीं चला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि घर के लोग शुभम के पिता का इलाज कराने के लिए लखनऊ गए थे। मृतक के पिता का लखनऊ में किडनी ट्रांसप्लांट होने वाला है जिसके लिए परिवार वाले उन्हें लेकर राजधानी गए हुए थे।
यह भी पढ़ें: अररिया में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 4 गिरफ्तार, 58 सिम और डिवाइस बरामद
सिर पर चाकू से हमला
16 सितंबर यानी बुधवार की रात को खाना खाने के बाद शुभम घर के बाहर सोने चला गया। गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे एक हमलावर वहां पहुंचा और उसने उसके सिर पर चाकू से कई बार हमला किया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों जैसे ही जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंचे।
शुभम को उस हालत में एम्बुलेंस से पास के हेल्थ सेंटर ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। लखनऊ में मौजूद परिवार को इसकी खबर पहुंच गई है। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां सुधा मिश्रा का बुरा हाल हो गया है। पूरा परिवार खबर मिलते ही लखनऊ से गांव के लिए रवाना हो गया।
आपको बता दें कि जयंतीपुर गांव के रहने वाले स्वदेश मिश्रा यानी शुभम के पिता खेती-किसानी करते हैं। वह पिछले 4-5 सालों से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। उनके इलाज और ट्रांसप्लांट की बात करने के लिए पूरा परिवार लखनऊ गया हुआ था। घर पर उनका सबसे छोटा बेटा शुभम अकेला था, जो बीएससी फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था।
यह भी पढ़ें: बिहार में UCC पर घमासान, RJD का नीतीश कुमार को ऑफर, BJP छोड़कर साथ आने की अपील
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। शुभम के शव को घरवालों के आने तक घर के बाहर रखा गया था। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। हत्या किस वजह से की गई और हमलावर कौन था, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के माहौल और घर में एंट्री की जांच कर रही है ताकि कातिल का पता लगाया जा सके।