हरियाणा की नायब सैनी सरकार में सहकारिता और पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के चंडीगढ़ स्थिति आधिकारिक आवास में महिला से हुए कथित तौर पर बदसलूकी मामले में नया मोड़ सामने आया है। महिला ने मीडिया के सामने अपनी पहचान बताई है और कहा है कि उसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है, यह सिर्फ एक बहस थी, जिसके डॉ. अरविंद शर्मा और उनकी पत्नी ने मिलकर सुलझा दिया है। महिला अपने पहले के बयान से मुकर गई है। महिला का कहना है कि मंत्री के पीए ने उससे माफी मांग ली है। पहले महिला ने आरोप लगाया था कि एक कर्मचारी ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी और हाथ पकड़ लिया था।
महिला ने अपने साथी कर्मचारियों से अपने साथ हुई बहस के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद साथी कर्मचारियों ने अरविंद शर्मा का आवास घेर लिया था। सफाई कर्मचारियों के हंगामे के वक्त अरविंद शर्मा अपने सरकारी आवास में ही थे। अरविंद शर्मा ने खुद दखल देकर पीए और महिला के बीच विवाद शांत कराया था। अब महिला ने खुद भी सफाई दी है। महिला के साथ अभद्रता करने वाले शख्स ने माफी मांग ली थी।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के मंत्री की कोठी में महिला से छेड़छाड़, हुआ जबरदस्त हंगामा
'मेरे साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है'
महिला ने कहा, 'मैं मीडिया से अनुरोध करती हूं कि इसे इतनी बड़ी बात न बनाएं। मैं मंत्री जी के घर काम करती हूं। वहां हमारी जो भी बहस पीए सर के साथ हुई, वह इतनी बड़ी बात नहीं है। लड़ाई-झगड़े होते रहते हैं। मैडम ने बातचीत से ये परेशानी सुलझा दी है। जो गलती किए थे, उन्होंने उसके लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी ली है। उन्होंने अपने बच्चे की तरह रखा है। मैं अपनी ड्यूटी कर रही हूं। अब ऐसी कोई दिक्कत नहीं है। कोई यह बात न उछाले कि मेरे साथ छेड़छाड़ हुई है। यह हमारे घर-परिवार की बात है।'
पहले क्या आरोप लगाए थे?
महिला कर्मचारी ने कहा था कि वह मंत्री की कोठी में काम करती है। कोठी में दीपक कौशिक नाम का एक कर्मचारी काम करता है। वह खुद को मंत्री का पीए बताकर रौब झाड़ रहा था। शनिवार दोपहर दीपक और उसके बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। हंगामा इतना बढ़ा कि महिला कर्मचारी ने आरोप लगा दिया कि दीपक कौशिक ने उसके साथ छेड़छाड़ की है। जैसे ही हंगामा बढ़ा, महिला ने अपने साथियों को भी बुला लिया। साथी कर्मचारी हंगामा करने लगे।
यह भी पढ़ें: करोल बाग में आग से खाक़ हुआ विशाल मेगा मार्ट, दो शव बरामद
मंत्री ने कैसे कराई सुलह
अरविंद शर्मा का आवास चंडीगढ़ के सेक्टर 16 में है। आरोप लगाने वाली महिला एक अरसे से यहां आती रही है। वह यहां साफ-सफाई का काम करती है। महिला ने बताया है कि जब विवाद बढ़ा तो खुद अरविंद शर्मा आए और उन्होंने और उनकी पत्नी ने दीपक कौशिक को फटकारा। दीपक ने अपनी गलती मानी और महिला से माफी मांग ली। जैसे-तैसे मामला शांत हो गया था। महिला ने पुलिस में शिकायत नहीं दर्ज कराई थी।