उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में नलकूप का बिजली कनेक्शन देने के नाम पर किसान से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते बिजली विभाग के अवर अभियंता और एसएसओ को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को फतेहगढ़ कोतवाली ले जाकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की तैयारी है।
मामला फर्रुखाबाद के याकूतगंज बिजली उपकेंद्र से जुड़ा है। गांव गंगोरा निवासी किसान मंशाराम ने अपने खेत में नलकूप लगवाने के लिए बिजली कनेक्शन का आवेदन किया था।
काफी दिनों तक कनेक्शन लंबित रहने के बाद एसएसओ चंद्रभान ने कनेक्शन स्वीकृत कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की। किसान के राजी होने के अगले ही दिन एसएसओ ने कहा कि जेई साहब को भी 10 हजार रुपये से कम नहीं चाहिए और रकम मिलने के बाद ही काम होगा।रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने एंटी करप्शन टीम कानपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद टीम ने बुधवार को याकूतगंज उपकेंद्र पर जाल बिछाया। किसान से 10 हजार रुपये लेते हुए अवर अभियंता अजीत राजपूत और एसएसओ चंद्रभान को टीम ने दबोच लिया।
यह भी पढ़ें: दोहरे हत्याकांड में पूर्व सपा MLC कमलेश पाठक समेत 10 को उम्रकैद
जेई के खिलाफ पहले से चल रही थीं तीन जांच
एंटी करप्शन टीम के मुताबिक, अवर अभियंता अजीत राजपूत के खिलाफ विभाग में पहले से ट्रांसफर गायब करने और लाइन शिफ्ट करने से संबंधित तीन जांच चल रही हैं। रिश्वत लेते गिरफ्तार होने के बाद उसे निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।अधीक्षण अभियंता यादेंद्र सिंह ने बताया कि अवर अभियंता के खिलाफ विभागीय स्तर पर तीन जांच चल रही हैं। रिश्वत लेते गिरफ्तार होने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: स्कैन नहीं हो पा रहे फिंगरप्रिंट, 1 लाख से ज्यादा बुजुर्ग पेंशन के लिए परेशान
रिश्वत की रकम बढ़ने पर किसान ने की शिकायत
किसान का आरोप है कि कनेक्शन के नाम पर पहले पांच हजार रुपये मांगे गए थे। बाद में जेई के लिए रकम बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दी गई। इसके बाद किसान ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। टीम ने शिकायत का सत्यापन कराने के बाद कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया।