हरियाणा के रोहतक में खरावड़ पुलिस चौकी के बिल्कुल पास बने 'मिलन ढाबे' पर 25 नवंबर यानी बुधवार रात करीब 1 बजे एक गैंगवार की घटना सामने आई है। इस घटना में चार लड़कों की मौके पर ही जान चली गई। शुरुआती जानकारी में इस हत्याकांड को इलाके के दो गिरोहों, भाऊ रिटोलिया (हिमांशु भाऊ गैंग) और सन्नी रिटोलिया (बाबा गैंग) के बीच चल रही पुरानी रंजिश और गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है।
मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डिघल गांव के रहने वाले रिंकू, विनित, गंजू और बेरी निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस चौकी से इतनी कम दूरी पर हुई इस बड़ी वारदात ने स्थानीय कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस इसे गैंगवार से जोड़कर नहीं देख रही है। पुलिस का कहना है कि इसमें जांच चल रही है।
यह भी पढ़ें: डॉक्टर को 17 साल बाद हुई सजा, म्यूजिक कंपोजर की मां के इलाज में की थी लापरवाही
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। रात करीब 1 बजे एक स्विफ्ट कार में सवार होकर पांच हथियारबंद बदमाश मिलन ढाबे पर पहुंचे। वहां पहले से खाना खा रहे युवकों को निशाना बनाते हुए हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर ढाबे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग और कर्मचारी टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए।
इस हमले में तीन लड़कों ने खाने की टेबल पर ही दम तोड़ दिया। चौथे युवक ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसकी भी हत्या कर दी। चारों युवकों की हत्या करने के बाद भी बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं दिखा। वे कई मिनट तक घटनास्थल पर हथियार लहराते हुए घूमते रहे और फिर आराम से मौके से फरार हो गए।
पुलिस की जांच में क्या आया सामने?
वारदात की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। रोहतक रेंज के IG हामिद अख्तर और SP गौरव राजपुरोहित समेत जिला पुलिस की कई टीमों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
DSP ऋषि कांत ने बताया, 'कल रात कुछ लोग एक ढाबे पर आए थे। उन पर गोलीबारी की गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। कोई घायल नहीं हुआ है। हमने FIR दर्ज कर ली है और पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह गैंग वॉर है या नहीं, यह जांच का विषय है। हमने इस मामले के लिए कई टीमें लगाई हैं और हमें जल्द ही कोई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल कोई फुटेज उपलब्ध नहीं है।'
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड-पंजाब में IAS-IPS अफसरों का तबादला, कई जिलों के SP बदले
मामले की गंभीरता को देखते हुए CIA, स्पेशल सेल और FSL की टीमों को बुलाया गया जिन्होंने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी है।