हरियाणा के कैबिनेट मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता अनिल विज वाशरूम में गिरने से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद इलाज के लिए डॉक्टरों से संपर्क किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉक्टरों ने उनके दोनों पैरों में हेयरलाइन फ्रैक्चर की पुष्टि की है। इस फ्रैक्चर की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें करीब एक महीने के लिए आराम करने की सलाह दी गई है। अंबाला में उनके घर पर ही उनका इलाज हो रहा है।
बता दें कि इससे पहले जून 2020 में भी कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ ऐसा ही हादसा हुआ था । उस समय भी उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ था। वहीं, मई-जून 2025 में उनके बाएं पैर के अंगूठे के पास फ्रैक्चर की जानकारी मिली थी। अब एक बारफिर उनके दोनों पैरों में लगी चोट के कारण उन्हें आराम करने की सलाह दी जा रही है। इस घटना ने उनके समर्थकों को चिंतित कर दिया है।
यह भी पढ़ें: जुवेनाइल होम में पुलिसकर्मियों पर हमला कर 3 नाबालिग फरार, 2 पाकिस्तानी भी शामिल
कैसे लगी चोट?
अनिल विज इससे पहले भी कई बार ऐसे हादसों का शिकार हो चुके हैं। इस बार भी उन्हें नहाते समय बाथरूम में गिरने से चोट लगी है। इसके तुरंत बाद डॉक्टरों ने उनकी जांच की तो पता चला कि उनके दोनों पैरों की हेयरलाइन में फ्रैक्चर हो गया है। इसके बाद अब उनका इलाज चल रहा है। इससे पहले 2020 में भी वह बाथरूम में नहाते समय फिसलकर गिर गए थे। इससे उनके बाएं पैर की हड्डी में फ्रैक्चक हो गया था और उन्हें मोहाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गिरने के बावजूद गाना गुनगुनाते रहे
दोनों पैरों में चोट लगने के बाद अनिल विज अपने घर पर ही हैं। उनका घर पर ही इलाज चल रहा है। इस दौरान उनकी एक वीडियो सामने आई है, जिसमें वह चोट लगने के बाद भी 'चल रही सजनी अब क्या सोचे' गाना गुनगुनाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि अनिल विज के दोनों पैरों में चोट लगी है और पट्टी बंधी है और वह धूप में कुर्सी पर बैठे हैं। इस दौरान वह 'चल रही सजनी अब क्या सोचे' गाना गुनगुनाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पिछले साल भी लगी थी चोट
पिछले साल मई-जून में अनिल विज को पैर के अंगूठे में चोट लगी थी। शुरू में उन्होंने इसे हल्के में लिया और पेनकिलर खाते रहे। अंगूठे में चोट के बावजूद वह काम करते रहे। उन्होंने अधिकारियों के साथ मीटिंक की थी और इसके बाद करीब 5 घंटे तक अंबाला कैंट में चल रहे नालों के कामकाज का निरीक्षण करते रहे। इस दौरान अंगूठे में दर्द बढ़ गया। जब पैर में ज्यादा दर्द होने लगा तो उन्होंने अंबाला के ही एक अस्पताल में पैर का एक्सरे कराया। इसमें पता चला कि उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें सलाह दी कि वह कुछ दिन घर पर आराम करें।
यह भी पढ़ें: सड़क पर नहीं बिकेगा मांस, रमजान से पहले बिहार में UP की तरह लगी पाबंदी
बजट सत्र में होंगे शामिल?
अनिल विज को ऐसे समय में चोट लगी है जब 20 फरवरी से राज्य में बजट सत्र शुरू होने वाला है। सरकार और विपक्ष दोनों बजट सत्र की तैयारी में जुट गए हैं। विधानसभा में अनिल विज के बयानों और भाषणों के कारण वह कई बार चर्चा में रहते हैं। इस सत्र में चोट के कारण उनकी उपस्थिति को लेकर अब स्थिति अस्पष्ट है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि पैरों में लगी चोट के कारण अनिल विज इस बजट सत्र में विधानसभा नहीं आ पाएंगे। बजट सत्र में उनकी गैरमौजूदगी की अटकलों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढा दी है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के लोगों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या अनिल विज इस सत्र में अनुपस्थित रहेंगे। हालांकि, अनिल विज विधानसभा सत्रों में कभी भी अनुपस्थित नहीं रहे हैं।