कर्नाटक हाई कोर्ट ने रेप के एक केस में आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने जो कुछ कहा, वह अब चर्चा का विषय बन गया है। 23 साल के आरोपी की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने कहा कि लोग अब लोकतंत्र का फायदा उठाने लगे हैं और कानून बिना दांत का हो गया है। हाई कोर्ट के जज आर नटराज यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि जब किसी के हाथ या पैर काट दिए जाएंगे तब शायद लोगों को कानून की अहमियत और उसका पालन करने की बात समझ आएगी।
यह मामला साल 2023 का है और आरोपी 23 साल का एक इंजीनियरिंग स्टूडेंट है। उस पर आरोप है कि उसने अपनी पूर्व क्लासमेट का रेप किया। बता दें कि इस केस में आरोपी गोपी कार्तिक रेड्डी इस साल अप्रैल के महीने से ही न्यायिक हिरासत में है। हाई कोर्ट ने आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया है और मामले की अगली सुनवाई 8 जून को रखी है। हाई कोर्ट ने इस केस में कर्नाटक की सरकार को भी नोटिस जारी किया है।
यह भी पढ़ें: केरल में दी थी PSC की परीक्षा, 60 की उम्र हो जाने पर आया ज्वाइनिंग लेटर
हाई कोर्ट ने क्या कहा?
इस केस में आरोपी की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस आर नटराज ने कहा, 'कानून अब बिना दांत का हो गया है क्योंकि हम अपराधियों से सख्ती से नहीं निपटते हैं। यही वजह है कि मिडल-ईस्ट के देशों में ऐसे अपराध आसानी से नहीं होते। अगर हाथ या पैर काट दिए जाएं तब शायद लोग कानून का पालन करना सीखेंगे। इसका कारण है कि हम एक लोकतंत्र हैं और हर कोई इसका फायदा उठाने लगता है।'
आरोपी की ओर से दलील दी गई है कि उस पर लगाए गए आरोप गलत हैं और वह निर्दोष है। इतना ही नहीं, आरोपी ने यह भी कहा कि यह घटना 3 साल पुरानी है और वह दो महीने जेल में भी बिता चुका है। इस पर हाई कोर्ट ने कहा, 'अगर आप नमक खाते हैं तो आपको पानी तो पीना ही होगा। इसको 4-5 दिन और जेल में रहने दीजिए फिर जेल में रहने की आदत हो जाएगी। कौन जाने कि अगर सजा हो गई तो जेल तो जाना ही है।'
यह भी पढ़ें: बिहार के कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की दिनदहाड़े हुई हत्या, पुलिस पर उठे सवाल
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 12 सितंबर 2023 की है। जांच के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता से कहा था कि वह उसके घर तक चले ताकि दोनों अपनी दोस्ती के बारे में बात कर सकें। आरोपी है कि इसी दौरान उसने पीड़िता का यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने से पहले राष्ट्रीय महिला आयोग के पास भी शिकायत दर्ज कराई थी।
इसी केस में गोपी कार्तिक रेड्डी के खिलाफ जांच शुरू होने के बाद 5 अप्रैल को उन्हें रेप के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। गोपी MIT मणिपाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं।