'मुझे बहुत मारा' मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी की मौत, हिरासत में पति
लखनऊ में एक महिला ने शादी के 6 महीने बाद ही कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पीड़िता के परिवार ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है।

अनुराग और मधु की शादी की तस्वीर, Photo Credit: Social Media
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक पॉश अपार्टमेंट में एक महिला की लाश फंदे से लटकी मिली। वह महिला मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी थी और उसके पति ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की है। इस मामले में अब कई नए खुलासे हुए हैं। महिला के परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं है बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। एक ऑडियो में मधु को अपनी बहन से कह रही है कि उसने मुझे बहुत मारा। बता दें कि उन दोनों की शादी 6 महीने पहले ही हुई थी। मायके वालों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह घटना रविवार रात 8 बजे की है लेकिन मामले को सोमवार दोपहर तक छिपाए रखा गया। मृतका की पहचान सुशांत गोल्फ सिटी के ओमेक्स वाटर एस्केप कॉम्पलेक्स की रहने वाली मधुसिंह के रूप में हुई। हत्या के आरोप उनके पति अनुराग सिंह पर हैं जो मर्चेंट नेवी में सेकेंड ऑफिसर पद पर तैनात है। परिवार वालों ने महिला के पति मर्चेंट नेवी अफसर अनुराग सिंह पर दहेज उत्पीड़न, हत्या और सबूत मिटाने का आरोप लगाया है।
एनडीटीवी ने मधु की बड़ी बहन प्रिया के हवाले से लिखा है कि अनुराग का व्यवहार असामान्य और हिंसक था। वह छोटी-छोटी बातों पर मधु को पीटता था। यहां तक की खाने की प्लेट इधर-उधर रखने पर भी वह उसकी पिटाई करता था। मधु की बहन ने यह भी कहा कि वह मधु को जबरन शराब पिलाने की कोशिश करता था और मधु को उसके दोस्तों और परिवार से बात करने से रोकता था।
यह भी पढ़ेंः पंजाब: एक के बाद एक फट गए कई सिलेंडर; 2 की मौत, 3 घायल
10 दिन पहले छुट्टी पर आया पति
इस मामले में जांच में जुटी पुलिस ने बताया कि अनुराग सिंह लगभग 10 दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था। घटना से पहले रात में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। दोनों की शादी 6 महीने पहले ही हुई थी। मधु के परिवार वालों ने बताया कि उनकी शादी इसी साल 25 फरवरी को हुई थी लेकिन शादी के महज 15 दिन बाद ही मधु पर हिंसा शुरू हो गई। 10 मार्च को हुई मारपीट के बाद मधु मायके लौट आई थी और रोते हुए अपनी बहन को सब कुछ बताया था।
दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप
मधु के परिवार वालों ने बताया कि उनकी शादी मेट्रोमोनियल साइट के जरिए तय हुई थी। शादी के समय अनुराग ने 15 लाख रुपये नकद और अन्य मंहगे सामान की मांग की थी। परिवार वालों ने बताया कि उन्होंने शादी पर अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च कर दिया था लेकिन फिर भी अनुराग की मांगे खत्म नहीं हो रही थीं। वह मधु को लगातार ताने देता था। मधु की बहने ने एक ऑडियो भी पुलिस को दिया है जिसमें मधु कह रही है, 'उसने मुझे बहुत मारा क्योंकि जब वह दारू पी रहा था तो मैंने बोतल उसके सामने नहीं रखी।'
यह भी पढ़ेंः धराली में बादल फटने के बाद सुक्खी टॉप पर फटा बादल, रेक्स्यू जारी
प्रिया ने बताया कि मधु ने उसे अपने साथ हाल ही में हुई हिंसा के बारे में बताया था जब वह अपने पति के साथ कहीं से वापस आ रही थी। वह कार चला रही थी और बारिश के कारण उसने कार को लेफ्ट साइड पर रखा तो अनुराग ने उसे पीटा क्योंकि उसका कहना था कि उसने लड़कों को देखकर लेफ्ट साइड में कार की।
सोसाइटी के गार्ड के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 बजे दोनों झगड़ते हुए फ्लैट में लौटे थे। अनुराग ने पुलिस को घटना की सूचना रात 12 बजे दी लेकिन मधु के परिवार को इसकी जानकारी करीब 5 घंटे बाद मिली। अनुराग ने पहले गार्ड को बताया कि मधु ने आत्महत्या कर ली है और फिर खुद ही शव को फंदे से उतारा।
एक्स से संबंध और पत्नी का अबॉर्शन
मधु ने अपनी बहन को बताया था कि अनुराग अपनी एक्स गर्लफ्रेंड से होटल में मिला था। जब मधु ने इस पर सवाल उठाया तो अनुराग ने उल्टा उस पर ही शक करने का आरोप लगाया। मधु ने अनुराग की चैट्स सबूत के तौर पर अपने परिवार को भेजी थीं। मधु के पिता ने अपनी शिकायत में कहा कि अनुराग का किसी अन्य लड़की के साथ अफेयर है। इसकी वजह से भी वह मधु को प्रताड़ित करता था। मधु के प्रेग्नेंट होने पर भी प्रताड़ना जारी रखी और उसका अबॉर्शन करा दिया था। पिता ने अपनी शिकायत में कहा है कि यह कोई आत्महत्या नहीं है बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है।
यह भी पढ़ें-- चुनाव से पहले बिहार में पकड़ी गईं 5 गन फैक्ट्रियां, 16 लोग गिरफ्तार
जांच में जुटी पुलिस
अनुराग ने पुलिस को मधु की मौत की खबर रात 12 बजे के आसपास ही दे दी थी लेकिन उसके परिवार वालों को इसकी सूचना करीब 5 घंटे बाद दी गई थी। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अनुराग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में अनुराग ने कहा कि मधु ने सुसाइड किया है लेकिन जब पुलिस ने इसके कारणों के बारे में पूछा तो वह कुछ नहीं बता पाया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की हिंसा, दहेज उत्पीड़न और क्रूरता की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap