logo

मूड

ट्रेंडिंग:

जुए और शराब में न फूंक दे बेटी के शादी के पैसे, घरवालों ने ही जान से मार डाला

UP के महोबा में जुए और शराब के आदी एक शख्स को उसके ही परिवार के लोगों ने जान से मार डाला। परिवार के लोगों को डर था कि यह शख्स सारे पैसे शराब और जुए पर उड़ा देगा।

ai generated image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: Nano Banana AI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement
Advertisement

उत्तर प्रदेश के महोबा में एक शख्स की हत्या के मामले में अनोखा मोड़ आ गया है। अब पुलिस ने बताया है कि इस शख्स को उसी के परिवार के लोगों ने मार डाला जिनमें उसकी पत्नी, बेटा और तीन बेटियां शामिल हैं। बताया गया है कि इस गरीब परिवार ने जानवर बेचकर 82 हजार रुपये जुटाए थे ताकि बेटी की शादी कर सकें। बेटी के पिता को शराब और जुए की लत थी और घरवालों को डर था कि वह पैसे उड़ा देगा। पहले तो उसे समझाया गया लेकिन जब वह नहीं माना तो घर के लोगों ने मिलकर उसे मार डाला। इस शख्स की लाश एक नाले से बरामद की गई थी। अब पुलिस ने कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस को 14 अप्रैल को महोबा के पनवाड़ी थाना क्षेत्र स्थित हैवतपुरा ब्राह्मणन गांव के पास नाले में हर नारायण प्रजापति नामक 36 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था। मंगलवार को अधिकारियों ने बताया कि शक की सुई दूसरी तरफ घुमाने के प्रयास में मृतक के परिवार ने पहले पुलिस से संपर्क किया और एक पड़ोसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके साथ व्यक्ति का अक्सर झगड़ा होता था। हालांकि, पुलिस को शक हो गया क्योंकि परिवार जांच में सहयोग नहीं कर रहा था।

 

यह भी पढ़ें: बुर्के में थी लड़की, लड़के ने मारी लात, तमाशबीन बने रहे लोग

कैसे खुली पोल?

महोबा के पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बताया, ‘हैबतपुरा गांव में नाले में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच की। मृतक की पहचान हरनारायण प्रजापति के रूप में हुई। मृतक के शरीर पर चोटों को देखते हुए यह हत्या का मामला लग रहा था और परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया।’ एसपी शशांक सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए पुलिस के विशेष कार्य दल और सर्विलांस यूनिट सहित कई टीमें लगाई गईं। हमने प्रजापति की आख़िरी गतिविधि, फ़ोन रिकॉर्ड और दूसरे पहलुओं की जांच की लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। फिर शक की सुई परिवार की तरफ घूम गई क्योंकि वे जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे।’

 

उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच का दायरा बढ़ने पर परिवार के लोगों के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए और लगातार पूछताछ के बाद सामने आया कि प्रजापति की पत्नी राम प्यारी, बेटियों ज्योति, सोनाली और पूजा, एक नाबालिग बेटे और बेटियों में से एक के दोस्त जयबीर ने साजिश करके इस हत्या को अंजाम दिया था इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘पूछताछ के दौरान, परिवार ने बताया कि प्रजापति को शराब और जुए की लत थी। हाल ही में उसने अपनी बेटी की शादी के लिए मवेशी बेचकर लगभग 82 हजार रुपये जमा किए थे लेकिन परिवार को डर था कि वह इस रकम को शराब और जुए में खत्म कर देगा।'

 

यह भी पढ़ें: कुर्सी पर बांधकर जलाया और वीडियो बनाया, किस बात का बदला ले रही थी गर्लफ्रेंड?

रस्सी से गला घोंटा फिर नाले में फेंक दी लाश

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि उन्होंने हरनारायण को बहुत समझाया कि वह इस रकम को बर्बाद ना करे लेकिन जब वह नहीं माना तो उन्होंने उसकी हत्या की योजना बनाई। एसपी शशांक सिंह ने बताया कि वारदात की रात हरनारायण जब सो रहा था तभी उसकी पत्नी, बेटियों, एक नाबालिग बेटे और एक बेटी के दोस्त ने रस्सी से गला घोंटकर उसे मार डाला और शव को एक नाले में फेंक दिया।

 

आरोपियों ने सुबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए प्रजापति का मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिया और कैश छुपा दिया। अपराध में इस्तेमाल की गई रस्सी, छिपाए गए 82 हजार 500 रुपये और टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि कानूनी कार्रवाई जारी है और इस मामले को सुलझाने वाली पुलिस टीमों के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।


और पढ़ें