logo

मूड

ट्रेंडिंग:

शहीदों के बलिदान का अनुभव करवाता है 1857 की क्रांति का शहीद स्मारक

अंबाला कैंट में निर्मित शहीद स्मारक में एक गैलरी में पड़ी मिट्टी को छूने पर वह धड़कती हुई महसूस होती है। ऐसा लगता है मानो मिट्टी में आज भी शहीदों की आत्मा जिंदा है।

Martyrs Memorial of 1857 Revolution gives experience in Ambala

शहीद स्मारक में महिला अपने बच्चे को जानकारी देते हुए। (Photo Credit - Khabargaon)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

1857 की क्रांति के समय की घटनाओं को अपनी आंखों के सामने घटते देखना और शहीदों के बलिदान से भावनात्मक रूप से जुड़ने का अनुभव अंबाला के शहीद स्मारक में हो रहा है। यहां आने वाला व्यक्ति केवल इतिहास देखकर नहीं लौटता, बल्कि कई ऐसे अनुभव लेकर जाता है, जो उसे उस दौर की घटनाओं के बारे में सोचने पर मजबूर करते हैं। यहां मिट्टी को छूने पर वह धड़कती हुई महसूस होती है। ऐसा लगता है मानो मिट्टी में आज भी शहीदों की आत्मा जिंदा है। शहीद स्मारक में पर्दे पर फिल्म देखते हुए दर्शकों की कुर्सियां एक से दूसरी मंजिल पर कब पहुंच जाती हैं, इसका पता भी नहीं चलता। यहां विशेष प्रकार से बनी जूट की दीवारों पर आजादी के संघर्ष की कहानी की तस्वीरें उकेरी गई हैं।


कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने वीरवार को मीडियाकर्मियों के साथ शहीद स्मारक का भ्रमण किया। इस माैके पर शहीद स्मारक के डायरेक्टर डाॅ. कुलदीप सैनी ने मीडियाकर्मियाें काे स्मारक में बनाई गई सभी गैलरियाें में इतिहास के बारे में जानकारी दी। प्रत्येक गैलरी में गाइड के माध्यम से उस समय घटित घटनाओं का प्रभावशाली ढंग से वर्णन किया जाता है। पूरे स्मारक को देखने और इसकी विभिन्न गैलरियों का अवलोकन करने में लगभग छह घंटे का समय लगता है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति वर्ष 1857 की क्रांति के इतिहास और वीर शहीदों के बलिदान की स्मृतियां अपने साथ लेकर जाता है।

 

यह भी पढ़ें: कोहरे का असर, दिसंबर से मार्च तक कई ट्रेनें रद्द, बड़ी संख्या में रूट बदले

मिट्टी को छूते महसूस होती है धड़कन

शहीद स्मारक में एक बड़े फ्रेम में विशेष तकनीक से 28 शहरों की मिट्टी को रखा गया है। जैसे ही दर्शक इसे छूते हैं, फ्रेम में मिट्टी का एक हिस्सा ऊपर-नीचे होने लगता है। ऐसा महसूस होता है मानो मिट्टी में धड़कन हो। यह केवल मिट्टी का प्रदर्शन नहीं, बल्कि उन स्थानों की याद दिलाने का प्रयास है, जहां आजादी के लिए लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। इसके साथ ही शॉर्ट फिल्म थिएटर का अनुभव भी सामान्य सिनेमाघर से अलग है। यहां करीब 40 लोगों के बैठने की क्षमता वाला पूरा प्लेटफॉर्म फिल्म के दौरान पहली मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंच जाता है। दर्शक स्क्रीन पर 1857 की क्रांति की कहानी देखने में इतने व्यस्त रहते हैं कि उन्हें अपनी मंजिल बदलने का अहसास तक नहीं होता।

 

यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष में पहुंचकर कैसा लगा? शुभांशु शुक्ला ने बच्चों को सुनाई अपनी कहानी

वर्चुअल रियलिटी से उस दौर का अनुभव 

यहां एक गैलरी में वर्चुअल रियलिटी (VR) की मदद से 1857 की क्रांति के समय देश के अलग अलग हिस्सों में होने वाली अफीम, नील की खेती, सूरत, मुर्शिदाबाद, लाहौर समेत कई जगह में होने वाले व्यापार और उस दौर में आम नागरिकों के साथ बर्ताव को दर्शक अनुभव करते हैं। तस्वीरें ऐसे प्रतीत होती हैं, मानो हम उस दौर में स्वयं मौजूद हों। इसके साथ ही यहां एक गैलरी में जूट की रस्सियों और कालीनों से दीवारें और फर्श तैयार किए गए हैं। इसकी डिजाइन हरियाणा की पारंपरिक खाट यानी बुनी हुई चारपाई की शिल्प परंपरा से प्रेरित है। दीवारों पर उकेरी गई तस्वीरें और ऐतिहासिक दृश्य दर्शकों को आकर्षित करते हैं। यहां पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग सहित कई चर्चित चेहरे स्क्रीन पर शहीद स्मारक और आजादी की लड़ाई की गाथा सुनाते नजर आते हैं।

 

थ्री-डी मॉडल और लघु फिल्मों के जरिए यह भी दिखाया गया है कि 1857 की क्रांति केवल सैनिकों और क्रांतिकारियों का संघर्ष नहीं थी। इसमें साधु-संतों, नृत्यांगनाओं और आम लोगों ने भी भूमिका निभाई थी। कमल के फूल, रोटियों, डंडियों और कुओं के जरिए गुप्त संदेश पहुंचाने की रणनीति को भी प्रदर्शित किया गया है। यहां उस दौर के अलग अलग हथियार, तलवारे, बंदूक, बरछे रखे हुए हैं। वहीं उस दौर में नागरिकों को मिलने वाली सजा को चित्रों के माध्यम से दिखाया गया है।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा के 10 कॉलेजों में होंगे स्टेट टूनार्मेंट, सरकार ने जारी किए 96 लाख रुपये

63 मीटर ऊंचा टॉवर आकर्षक

लगभग 22 एकड़ भूमि पर 600 करोड़ रुपये की लागत से इस भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया गया है। इसका उद्घाटन 5 नवम्बर 2026 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया था। स्मारक परिसर में 63 मीटर ऊंचा कमल के फूल की आकृति वाला टॉवर बनाया गया है। रात्रि के समय इस टॉवर पर आधुनिक तकनीक के माध्यम से आकर्षक लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया जाता है, जिसमें वर्ष 1857 की क्रांति से जुड़ी घटनाओं को दर्शाया जाता है। इसके अलावा, स्मारक में निर्मित ओपन एयर थिएटर में लगभग 2,500 लोग एक साथ लाइट एंड साउंड शो का आनंद ले सकते हैं। यहां प्रत्येक गैलरी में उन स्थानों और घटनाओं का विस्तृत चित्रण किया गया है, जहां आजादी की पहली लड़ाई लड़ी गई थी।

 

रिसेप्शन गैलरी में 1857 की क्रांति के बाद ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में हुए व्यापक बदलावों के बारे में जानकारी दी गई है। क्रांति के बाद बंगाल सेना की नियमित नेटिव इन्फैंट्री की कुल 74 रेजिमेंटों में से 55 ने प्रतिरोध किया, 15 को नि:शस्त्र कर दिया गया, दो को मई 1857 से पहले ही भंग कर दिया गया, जबकि केवल तीन रेजिमेंट वफादार बनी रहीं। इसी प्रकार, नियमित लाइट कैवेलरी की सभी 10 रेजिमेंटों ने प्रतिरोध किया अथवा उन्हें नि:शस्त्र कर दिया गया। अधिकांश अनियमित सैन्य टुकडिय़ों और नेटिव हॉर्स आर्टिलरी की बैटरियों की स्थिति भी ऐसी ही रही।

 

यह भी पढ़ें: अंबाला के शहीदी स्मारक की खासियत क्या है, कब होगा उद्घाटन?

स्क्रीन को छूते ही शहीदों को अर्पित होती है श्रद्धांजलि

इस दौरान मंत्री अनिल विज ने कहा कि वर्ष 1857 में आजादी की पहली लड़ाई की चिंगारी अंबाला से उठी थी। इस ऐतिहासिक संघर्ष और शहीदों के बलिदान को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस भव्य स्मारक के निर्माण के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने बताया कि स्मारक में गुमनाम नायकों (अनसंग हीरोज) को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष गैलरी भी बनाई गई है। यहां ऐसी व्यवस्था की गई है कि जो भी व्यक्ति इस गैलरी में जाकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेगा।

 

स्मारक में 1857 की क्रांति के साथ अम्बाला के ऐतिहासिक स्वरूप को भी संजोया गया है। यहां बीसी बाजार, सेंट पॉल चर्च, अनाज मंडी, ग्लैडस्टोन जलाशय, छावनी नगर और अंग्रेजी पैदल सेना की बैरकों की पुरानी तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। यहां पहुंचे दर्शकाें ने कठपुतली शाे के जरिए भी 1857 की क्रांति का इतिहास जाना। यहां एक गैलरी में स्क्रीन को छूते ही शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित होती है। जिसे किरणों के माध्यम से देखा जा सकता है।

Related Topic:#haryana news

और पढ़ें