उत्तर प्रदेश के मेरठ में रहने वाले एक व्यक्ति की मौत सांप के काटने से हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को जहरीले सांप से कटवाया था। पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी को 20 लाख रुपये का बीमा चाहिए था। साथ ही वह अपने प्रेमी के लिए पति को रास्ते से हटाना चाहती थी, इसलिए कथित तौर पर उसकी हत्या की गई।
यह घटना मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र की है, जहां 35 साल के अतुल पंवार की सांप के डसने से मौत हो गई। इसके बाद अतुल की पत्नी दामिनी उन्हें सीएचसी हस्तिनापुर अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अतुल के परिजनों को दामिनी के व्यवहार पर शक हुआ। परिजनों ने पुलिस को पूरी घटना के बारे में बताया। पुलिस ने जांच की, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
यह भी पढ़ें: KYC के चक्कर में बैंक ने नहीं निकालने दिए पेंशन के पैसे, बुजुर्ग की मौत
परिजन को दामिनी पर हुआ शक
जब अतुल के परिवार वाले उन्हें देखने अस्पताल गए तो दामिनी ने बताया कि उनके बेडरूम में सांप था, जिसने अतुल को काट लिया। साथ ही दामिनी ने बताया कि वह उस वक्त कमरे में नहीं थी, जब यह घटना हुई। इसी बात ने दामिनी को शक के घेरे में डाल दिया। इसी शक के आधार पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत की थी।
जब पुलिस ने दामिनी को हिरासत में लिया और उसकी कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला कि दामिनी वैन ड्राइवर तुषार को कई बार फोन करती थी। इसके बाद पुलिस ने तुषार को गिरफ्तार किया, जिसने चौंकाने वाला खुलासा किया।
यह भी पढ़ें: पति कर रहा था बहस, पत्नी ने सिर पर फोड़ा मोबाइल, मौत हो गई
दामिनी का ड्राइवर संग चल रहा था चक्कर
ड्राइवर तुषार ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि वह और दामिनी एक-दूसरे से प्रेम करते थे। अतुल उनके प्रेम के बीच रुकावट बन रहा था। इसके अलावा अतुल ने 20 लाख रुपये का जीवन बीमा कराया था। इसी पैसे और प्रेम के लिए अतुल की कथित तौर पर जान ले ली गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दामिनी ने मृतक अतुल को नींद की गोली मिलाकर दूध दिया था। इसके बाद तुषार ने सोनू और उदय को दामिनी के कमरे में भेजा। सोनू और उदय ने अतुल के कंबल में सांप रख दिया, जिसके बाद सांप ने अतुल के पैर पर डस लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, अतुल और दामिनी ने 2019 में लव मैरिज की थी।