हरियाणा में 70 हजार रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट में से 9500 फार्मासिस्टों ने निर्धारित समयावधि में रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण नही करवाया, जिसके चलते काउंसिल ने उनके नाम रजिस्टर से हटा दिए हैं। हरियाणा फार्मेसी काउंसिल की तरफ से बार-बार सूचना देने के बावजूद रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण नहीं करवाए गए तो काउंसिल ने ये कदम उठाया है। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद कई फार्मासिस्ट अब लेट फीस भरकर भी रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण करवाने में जुट गए हैं।
बता दें कि हर पांच साल बाद फार्मासिस्ट को रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण करवाना अनिवार्य है, ताकि फार्मासिस्टों का रिकॉर्ड अपडेट रखा जाए। फार्मासिस्टों को नई जानकारियों और पेशेवर मानकों से अपडेट रखने के लिए काउंसिल फ्रेश कोर्स भी जल्द शुरू करने जा रही है। साथ ही फार्मेसी शिक्षा गुणवत्ता सुधारने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने कमेटी का गठन भी किया है। कमेटी में हरियाणा फार्मेसी काउंसिल के चेयरमैन बीबी सिंघल भी हैं। कमेटी को 30 दिन के अंदर सुधार के लिए अपने सुझाव देने होंगे।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के अस्पतालों में कंपाउंडर बांट रहे दवाई, मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़
बिना रजिस्ट्रेशन पेशेवर कार्य का अधिकार नहीं
रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण न होने पर फार्मासिस्ट पेशेवर कार्य करने का अधिकार नहीं रखता। ऐसे में वह मरीजों को दवाएं वितरित नहीं कर सकता। अगर, बिना रजिस्ट्रेशन फार्मासिस्ट दवाई देता है तो वह गैरकानूनी है। फार्मासिस्ट के लिए हर पांच साल में रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होता है, लेकिन 9500 फार्मासिस्ट का रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण न होना भी संदेह के घेरे में है। ऐसे में फार्मासिस्ट के रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण न करवाने की वजह की भी काउंसिल जांच कर सकती है, ताकि पता चल सके कि रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण क्यों नहीं करवाया जा रहा।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में एक साल में HIV के 9 हजार केस, स्वास्थ्य विभाग ने बनाई टास्क फोर्स
तीन सदस्यीय कमेटी का गठन
फार्मेसी संस्थानों के सामने आ रही गंभीर चुनौतियों, प्रशासनिक खामियों की जांच के लिए डायरेक्टर आॅफ टेक्निकल एजुकेशन हरियाणा की ओर से कमेटी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। फार्मेसी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इस तीन सदस्यीय कमेटी में हरियाणा स्टेट फार्मेसी काउंसिल के चेयरमैन बीबी सिंघल के साथ हरियाणा स्टेट बोर्ड आॅफ टेक्निकल एजुकेशन के कंट्रोलर आॅफ एग्जाम अशोक सरोहा और डायरेक्टर आॅफ टेक्निकल एजुकेशन के डिप्टी डायरेक्टर अमृता सैनी हैं।