अमर शहीद राव तुलाराम के शहीदी दिवस पर पहली बार दक्षिण हरियाणा से बाहर हांसी में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने एकजुटता का संदेश दिया। दिल्ली रोड टी-पॉइंट पर नवनिर्मित शहीद राव तुलाराम चौक और उनकी प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि एकजुटता में ही ताकत है और राजनीतिक लड़ाई भी मिलकर ही लड़ी जा सकती है।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि हरियाणा में BJP की लगातार तीसरी बार सरकार बनने में भी लोगों की एकजुटता की भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि बांटने वाले बहुत हैं लेकिन समाज को एकजुट रहना जरूरी है। 36 बिरादरी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब सभी समाज के लोग मिलकर किसी चुनौती का सामना करते हैं, तभी बड़ी लड़ाई जीती जा सकती है।
यह भी पढ़ें: इलाके को सूखाग्रस्त नहीं घोषित करा पाए, कांग्रेस विधायक ने CM को भेजा इस्तीफा
राव तुलाराम के संघर्ष का किया जिक्र
राव इंद्रजीत सिंह ने शहीद राव तुलाराम के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी की लड़ाई किसी एक समाज की लड़ाई नहीं थी। अलग-अलग समाज के लोगों ने मिलकर अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि आज भी समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना एकजुट होकर ही किया जा सकता है। उन्होंने हांसी में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आयोजकों को बधाई दी। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अब अगला कार्यक्रम हिसार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
राव तुलाराम के शहीदी दिवस की छुट्टी रद्द करने वालों पर हमला बोला
राव इंद्रजीत सिंह ने 23 सितंबर को राव तुलाराम के शहीदी दिवस के रूप में मनाए जाने और इस दिन की सरकारी छुट्टी से जुड़े राजनीतिक इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस दिन उन लोगों को भी याद करना चाहिए जिन्होंने राव तुलाराम के शहीदी दिवस की छुट्टी रद्द की थी। साथ ही उन लोगों को भी याद करना चाहिए जिन्होंने बाद में 23 सितंबर की छुट्टी दोबारा लागू की।
यह भी पढ़ें: पंजाब में 42 से बढ़कर 50% हुआ मंहगाई भत्ता, सरकार ने की 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी
उन्होंने कहा कि यह छुट्टी केवल राव तुलाराम के नाम पर नहीं थी, बल्कि सभी शहीदों के सम्मान में की गई थी। उनका बलिदान किसी एक व्यक्ति या समाज तक सीमित नहीं है। राव तुलाराम का बलिदान पूरे हरियाणा और देश की विरासत है, इसलिए उनके शहीदी दिवस को व्यापक स्तर पर याद किया जाना चाहिए।
41 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
हांसी में पहली बार आयोजित राव तुलाराम शहीदी दिवस समारोह में दिल्ली रोड टी-पॉइंट पर नवनिर्मित शहीद राव तुलाराम चौक का अनावरण किया गया। यहां करीब 41 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके लिए करीब 17 फुट ऊंचा बेस बनाया गया है, जबकि उसके ऊपर करीब 22 फुट ऊंची प्रतिमा लगाई गई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल आने वाली बाहरी गाड़ियों को बड़ी राहत, खत्म होगा कंपोजिट शुल्क
कार्यक्रम में राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि रहे और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। हांसी विधायक विनोद भयाना ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। राव इंद्रजीत सिंह लंबे समय से 23 सितंबर को राव तुलाराम के शहीदी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करते रहे हैं। इस बार हांसी में आयोजन होने को उनकी अहीरवाल क्षेत्र से बाहर राजनीतिक सक्रियता के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।