logo

मूड

ट्रेंडिंग:

शाहजहांपुर में नकली नोटों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, पति-पत्नी समेत 5 गिरफ्तार

शाहजहांपुर पुलिस ने नकली करेंसी छापकर बाजार में खपाने के मामले में दंपती सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से 1.37 लाख की नकली करेंसी बरामद की है।

Accused

पुलिस हिरासत में पकड़े गए आरोपी, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

 उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर में नकली करेंसी छापकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसओजी, सर्विलांस सेल और सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 1 लाख 15 हजार रुपये की नकली करेंसी, 37 हजार 500 रुपये की असली करेंसी, नकली नोट छापने वाला प्रिंटर और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरोह के सदस्य 500-500 रुपये के नकली नोट तैयार करते थे। बाजार में इन नोटों को खपाने 


पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार 13 नवंबर को एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एनसीसी तिराहे के पास घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरेली जिले के नवाबगंज निवासी मोहम्मद आकिल और उसकी पत्नी रीना के अलावा हरदोई जिले के पिहानी निवासी सुहेल, इमरान और आशुतोष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से नकली और असली करेंसी के अलावा प्रिंटर, सफेद कागज, कैंची और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

35 हजार रुपये देकर खरीदे थे नकली नोट

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी आकिल ने बताया कि पिहानी में मुकर्रम उर्फ ठाकुर के माध्यम से उसकी मुलाकात इमरान से हुई थी। इमरान ने 35 हजार रुपये के बदले 50 हजार रुपये के नकली नोट देने की बात कही थी। इसके बाद दो नवंबर को दिल्ली के सीलमपुर मेट्रो स्टेशन के पास आकिल ने इमरान को 35 हजार रुपये दिए और बदले में नकली नोटों की गड्डी ली। होटल में जाकर जब उसने नोटों को देखा तो उन पर 'मनोरंजन बैंक' लिखा हुआ था। खुद ठगी का शिकार होने के बाद आकिल ने इमरान से शिकायत की। इसके बाद उसे पिहानी बुलाया गया, जहां नकली नोट छापने का इंतजाम करने की बात कही गई।

 

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति के सुरक्षाकर्मी को मारी गोली, बागपत में मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

प्रिंटर से तैयार करते थे 500 रुपये के नकली नोट

जांच में सामने आया कि गिरोह ने प्रिंटर की मदद से नकली करेंसी छापने का तरीका अपनाया था। इसमें फोटोग्राफी का काम करने वाले आशुतोष की भूमिका भी सामने आई है। आरोपियों ने प्रिंटर और कागज की मदद से 500-500 रुपये के नकली नोट तैयार करने शुरू कर दिए। नोटों की छपाई के लिए जरूरी सामान जुटाया गया और अलग-अलग जगहों पर इस काम को अंजाम देने की योजना बनाई गई। गिरोह के सदस्य जरूरत के मुताबिक प्रिंटर और अन्य सामान लेकर चलते थे, ताकि एक जगह ज्यादा समय तक रुकने से किसी को शक न हो।

पत्नी को बाजार में नकली नोट खपाने की जिम्मेदारी

पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आकिल ने अपनी पत्नी रीना को भी इस कारोबार में शामिल कर लिया था। उसे बाजार में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में नकली नोट चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी। गिरोह को लगता था कि महिला के बाजार में खरीदारी करने पर दुकानदारों को कम शक होगा। इसी तरीके से बरेली, शाहजहांपुर और आसपास के इलाकों में नकली करेंसी खपाने की योजना बनाई गई थी। पिहानी में लोगों को शक न हो, इसलिए आरोपी प्रिंटर और तैयार नोट लेकर बरेली के नवाबगंज जाने की तैयारी में थे, लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

 

यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन, दिलजीत को बांग्लादेश से मिली धमकियां? यूपी ATS ने किया बड़ा खुलासा

फरार मुकर्रम की तलाश में पुलिस की टीमें

पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में मुकर्रम उर्फ ठाकुर का नाम भी सामने आया है, जो अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अब तक कितनी नकली करेंसी बाजार में चला चुके हैं और इस गिरोह से दूसरे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद नकली नोटों के अलावा असली करेंसी और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी जांच में शामिल किया गया है। पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें