logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सिंगर अंकित बालियान की हत्या, जिस से निकलते ही मारी गई गोली

यूपी के शामली जिले में बुधवार की शाम को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। अंकित के शरीर में पांच गोलियां लगीं।

ankit baliyan

सिंगर अंकित बालियान, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की बुधवार शाम जिम से बाहर निकलते ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी नाला पटरी पर चार हमलावरों ने पिस्टलों से 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। अंकित को पांच गोलियां लगीं और वह मौके पर गिर पड़े। आसपास के लोग उन्हें सीएचसी शामली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या के बाद परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया गया और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही गई।

 

अंकित बालियान बुधवार शाम करीब पौने 7 बजे जिम में कसरत करने पहुंचे थे। जिम से बाहर निकलकर जैसे ही वह अपनी गाड़ी में बैठने लगे, पहले से घात लगाए चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलियों की बौछार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

पांच गोलियां लगीं, मौके से जुटाए गए साक्ष्य

फायरिंग में अंकित को पांच गोलियां लगीं। आसपास मौजूद लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'साहब मैं जिंदा हूं', कागजों में मरी हुई दिखाया, महिला ने SDM से की फरियाद

'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' गाने से मिली पहचान

35 वर्षीय अंकित बालियान मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। वह हरियाणा के सोनीपत में रहकर गायन करते थे और हरियाणवी संगीत जगत में अपनी पहचान बना चुके थे। ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने से उन्हें खास पहचान मिली थी। उन्होंने मासूम शर्मा और रानू पंजाबी सहित कई कलाकारों के साथ काम किया था।अंकित पिछले कुछ समय से अपने गांव में परिवार के साथ रह रहे थे।

 

सामने आया है कि वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है और पंचायत चुनाव से जुड़ी संभावित रंजिश को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, अभी हत्या की असली वजह और हमलावरों का मकसद आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है।

शव सड़क पर रखकर लगाया जाम

हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीण और समर्थक मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने वीवी इंटर कॉलेज रोड पर वर्मा मार्केट के बाहर शव रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने मांग की कि पहले हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया जाए, इसके बाद ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, पुलिस को डायल-112 के जरिए घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हत्यारोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के अलावा घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे का कारण पता लगाकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: UP की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा कर सकेंगी 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाएं

20 से ज्यादा गोलियों ने खड़े किए कई सवाल

जिम से बाहर निकलते ही चार हमलावरों का अंकित को घेरना और 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग करना इस हत्याकांड की गंभीरता को दिखाता है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों ने अंकित की रेकी कब से की थी और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए।

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें