बिहार के बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री
सम्राट चौधरी
की सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना,
SIR
और बिहार में महिलाओं से बदसलूकी के वायरल हो रहे वीडियो को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है जबकि दूसरी ओर अदानी को 600-700 करोड़ रुपये की जमीन मुफ्त में दी जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक सड़क पर आंदोलन करने की बात भी कही है।
सुधाकर सिंह ने कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना इसलिए शुरू की गई थी क्योंकि बिहार में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी पढ़ाई के लिए अच्छी यूनिवर्सिटी नहीं थी। हर साल सवा लाख से अधिक छात्र स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की मदद से बिहार से बाहर जाकर उच्च शिक्षा हासिल करते हैं। उनका आरोप है कि अब सरकार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का पैसा जारी नहीं कर रही है।
यह भी पढ़ें: बिहार की डिजिटल खेती देखने पटना पहुंचा केन्या का दल, कृषि मंत्री ने किया स्वागत
छात्रों का पैसा नहीं मिलने का आरोप
सांसद ने कहा, 'सरकार की ओर से पैसा जारी नहीं किए जाने के कारण हजारों छात्र परीक्षा नहीं दे पा रहे हैं। कई छात्रों की परीक्षा हो चुकी है लेकिन यूनिवर्सिटी ने फीस का पैसा नहीं मिलने के कारण उनका रिजल्ट रोक दिया है। छात्र कॉलेजों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। जो युवा पढ़-लिखकर देश और राज्य को आगे ले जाने का काम करते, वे अब आत्महत्या करने को मजबूर हो सकते हैं। सरकार लगभग सभी सड़कों से टोल वसूल रही है और हर चीज पर टैक्स ले रही है लेकिन स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का पैसा जारी नहीं किया जा रहा है।'
सुधाकर सिंह ने सरकार से मांग की कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत बकाया राशि जल्द जारी की जाए। उन्होंने कहा, 'अगर सरकार के पास पैसा नहीं है तो वह साफ बताए।' उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी ओर सरकार अदानी को 600-700 करोड़ रुपये की जमीन मुफ्त में दे रही है। उनके मुताबिक, उद्योगपति को मुफ्त जमीन दी जा रही है लेकिन गरीब छात्रों को पढ़ाई के लिए पैसा नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, 'बिहार के गरीब परिवार अपने बच्चों को कर्ज लेकर बाहर पढ़ने भेजते हैं। उन्हें भरोसा था कि सरकार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के जरिए पैसा देगी लेकिन अब सरकार ने हाथ खींच लिया है। इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।'
SIR को लेकर भी सरकार पर निशाना
SIR यानी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सुधाकर सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुप्रीम कोर्ट पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि SIR को लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में पिटीशन डाली थी लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की हत्या के लिए जितना जिम्मेदार ज्ञानेश कुमार हैं उतना ही सुप्रीम कोर्ट भी है।
उन्होंने कहा, 'मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। अब कोर्ट-कचहरी या संसद के अंदर विरोध नहीं होगा बल्कि सड़क पर विरोध किया जाएगा।' सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर बिहार में गरीबों, दलितों और पिछड़ों के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप भी लगाया।
महिलाओं से बदसलूकी के वीडियो पर सवाल
बिहार के कई जिलों से महिलाओं से बदसलूकी के वायरल वीडियो को लेकर सुधाकर सिंह ने कहा, 'जब तक बिहार के कुंदन कृष्णन जैसे पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी ऐसी घटनाएं होती रहेंगी।' उन्होंने ADG कुंदन कृष्णन का नाम लेते हुए पुलिस में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'माफिया और पुलिस के बीच के गठजोड़ को खत्म किए बिना ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी।' उनके मुताबिक, बिहार में पुलिस और माफिया मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने जमुई, समस्तीपुर और बांका के मंदार पर्वत से सामने आए वीडियो को शर्मनाक बताया।
सुधाकर सिंह ने कहा, 'सरकार बेटी बचाओ का नारा देती है लेकिन बेटियों को बचा नहीं पा रही है।' उन्होंने बिहार में कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि थानों में FIR तक नहीं ली जाती और पीड़िता को ही धमकाया जाता है। उन्होंने कहा, 'जब तक बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक छोटे अधिकारी नहीं सुधरेंगे।'
यह भी पढ़ें: 'विपक्ष कमजोर है, जनता की आवाज नहीं उठा रहा', तेजस्वी पर भड़के साधू यादव
पीड़िता की फोटो पोस्ट करने पर सरकार पर सवाल
जमुई की पीड़िता के परिवार की बिना ब्लर की गई फोटो मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए जाने के मामले पर भी RJD सांसद ने आपत्ति जताई। उन्होंने इसे शर्मनाक और गैरकानूनी बताया। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट पर बिना ब्लर की गई पीड़िता के परिवार की फोटो पोस्ट की गई जो सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा, 'पीड़िता की पहचान उजागर करना अपराध है। सुधाकर सिंह ने इस मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी FIR दर्ज करने की मांग की। जो सरकार खुद पीड़िता की पहचान उजागर कर रही है वह महिलाओं की सुरक्षा कैसे करेगी।' उन्होंने मुख्यमंत्री से माफी मांगने और संबंधित सोशल मीडिया हैंडल करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग की।