हरियाणा में देश का सबसे बड़े रावण के पुतले का दहन हो गया। हरियाणा के जिला पंचकूला में देश का सबसे ऊंचा 221 फीट का रावण बनाया गया था। पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित शालीमार ग्राउंड में इस रावण के पुतले का दहन होगा। इस रावण के पुतले को बनाने के लिए 5 हजार मीटर कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। इस पर करीब 34 लाख रुपये खर्च आया है।
इस पुतले को अंबाला के बराड़ा कस्बा निवासी शिल्पकार तेजिंद्र सिंह चौहान और उनकी टीम ने करीब साढ़े तीन महीने में बनाया है। शिल्पकार तेजिंद्र सिंह चौहान इससे पहले भी ऐसे कई पुतले बना चुके हैं। काफी ऊंचे इन पुतलों को देखने के लिए लोग दूसरे जिलों से भी आ रहे हैं। दशहरा पर्व पर इस ग्राउंड में रावण दहन देखने के लिए 50 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटने की आशंका है।
यह भी पढ़ें: माता मनसा देवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 5 लाख ने किए दर्शन
दीवार तोड़कर बनाया जाएगा रास्ता
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर रखे हैं। पंचकूला में कुल 625 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। हजारों की भीड़ जुटने की आंशका के चलते दशहरा ग्राउंड के सभी 8 गेट खेल रखे जाएंगे। भगदड़ जैसे स्थिति से बचने के लिए 2 जेसीबी भी ग्रांउड में खड़ी करवाई गई हैं। जरूरत पड़ने पर दीवार को तोड़कर रास्ता बनाया जाएगा। दशहरा पर्व के दौरान एसीपी स्तर के 4 अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी निगरानी रखेंगे।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: बिना नंबर प्लेट पेट्रोल पंप पर नो एंट्री, अंडरएज ड्राइविंग पर भी शिकंजा
रूट किया डायवर्ट
जिला प्रशासन की तरफ से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, दोपहर 2 से रात 8 बजे तक सेक्टर-5 नाइट फूड मार्केट से शालीमार ग्राउंड के साथ लगते कैक्टस गार्डन तक का मार्ग एकतरफा रहेगा। शालीमार चौक से सेक्टर-8/9 की ट्रैफिक लाइटों की ओर जाने वाली स्लिप रोड बंद रहेगी। दशहरा ग्राउंड के आसपास 7 विशेष नाके स्थापित किए गए हैं।