कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के मगडी रोड पर एक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला था। सड़क पर कुछ लोगों के साथ मारपीट हुई थी। खबर आई थी कि एक लड़की को उसके घरवाले वापस लेकर जा रहे थे। भीड़ ने यह समझकर मारपीट कर दी कि वह किडनैपर है। अब इस मामले में पूरी तरह से उलटी बात सामने आई है। पता चला कि नाराजगी के चलते ससुराल वाले ही लड़की को किडनैप कर ले जा रहे थे।
दरअसल, एक जोड़े ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों बेंगलुरु आ गए थे। शादी की बात से नाराज होकर ससुराल वालों ने ही बहू को अगवा करवा दिया। इसी में भागते वक्त कार के हादसे का शिकार होने पर लोगों ने पीछा करके आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद पूरी बात सामने आई।
यह भी पढ़ें: दो बाइक सवार आए और गोली मारकर चले गए, पंजाब में पुलिसकर्मी की हत्या
किडनैपिंग का पूरा मामला
बेंगलुरु के मगडी रोड इलाके में राजस्थान की रहने वाली एक 21 साल की लड़की को अगवा कर ले जाने का मामला सामने आया। जांच में खुलासा हुआ है कि इसकी साजिश महिला के अपने ही ससुराल वालों ने रची थी।
पीड़ित महिला और उसके पति ने परिवार के खिलाफ जाकर फरवरी में कोर्ट मैरिज की थी। जान का खतरा देखते हुए दोनों एक साथ बेंगलुरु आ गए थे। लड़का पिछले 10 सालों से बेंगलुरु में ही काम कर रहा है। दोनों वहां किराए के एक मकान में रह रहे थे।
पिता का नाम लेकर धोखे से ले गए
ससुराल वाले इस शादी से खुश नहीं थे। महिला के ससुर ने राजस्थान के पाली से तीन युवकों राकेश, करण और अयान को बेंगलुरु भेजा। ये लोग करीब 10 दिन पहले बेंगलुरु पहुंचे। एक होटल में ठहरकर रमेश के घर की रेकी करने लगे। 16 सितंबर यानी बुधवार शाम को ये तीनों लड़की के घर गए और बताया कि उनको उसके पिता ने भेजा है।
महिला झांसे में आ गई और उनके साथ बाहर आ गई। जैसे ही लड़की को लेकर वह कार में बैठे उन लोगों ने लड़के की मां को वीडियो कॉल लगा दिया। तब महिला को समझ आया कि उसके साथ धोखा हुआ है। लड़के की मां ने लड़की को धमकी दी है कि वह बेटे से अलग हो जाए और वापस राजस्थान लौट आए।
रोड पर हाई-वोल्टेज ड्रामा
कार में बैठते ही महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी की। महिला को लेकर भाग रहे कार ड्राइवर को आरोपियों ने गाड़ी बिना रोके तेज चलाने को कहा।
तेज रफ्तार और लापरवाही से भाग रही कार ने सड़क पर कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इसमें एक 9 साल की बच्ची समेत कुछ लोग घायल हो गए। कार रुकने की बजाय भागती रही लेकिन लोगों ने करीब 2 किलोमीटर तक कार का पीछा किया। आखिरकार उसे घेरकर रोक लिया।
यह भी पढ़ें: तेज आवाज में बात करने पर हुआ झगड़ा, ऑटो में बैठी महिला को उतारकर सरेआम पीटा
तीन आरोपी गिरफ्तार, ड्राइवर फरार
जब कार रुकी तो महिला ने चिल्लाकर लोगों से मदद मांगी। यह भी बताया कि अलग जाति में शादी करने की वजह से उसे जबरन राजस्थान ले जाया जा रहा है। गुस्साए लोगों ने कार में सवार लड़कों की पिटाई कर दी और सभी को पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि कार ड्राइवर अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि साजिश रचने के आरोप में महिला के सास-ससुर को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।