राजस्थान के जोधपुर जिले के मनाई गांव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार की दो बेटियों की एक ही दिन में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी 21 फरवरी को होने वाली थी। अधिकारियों ने बताया कि 25 साल की शोभा और 23 साल की विमला ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। इसी कारण दोनों की मौत हो गई।
परिवार के लोगों ने बताया कि शुक्रवार, 20 फरवरी की रात तक घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं। घर में नाच-गाना और जश्न का माहौल था। रात करीब 12 बजे के बाद दोनों बहनें सोने के लिए अपने कमरे में चली गईं। इसके बाद उनके साथ क्या हुआ, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बदले 9 मेट्रो स्टेशनों के नाम, देख लें पूरी लिस्ट
क्या हुआ?
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12 बजे तक शादी की रस्में जारी रही। इसके बाद दोनों बहनें सोने चली गई। तड़के सुबह करीब 4 बजे अचानक से दोनों की तबीयत बहुत बिगड़ने लगी। परिवार वाले घबराकर दोनों को तुरंत जोधपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां पहुंचने के बाद ही डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार के लोग तुरंत शवों को घर ले आए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी बीच पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रुकवाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने क्या बताया?
ADCP (पश्चिम) रोशन मीणा ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही उन्हें वापस परिवार वालों को सौपा जाएगा। हालांकि शुरुआती जांच में मामला जहर खाने का लग रहा है लेकिन अभी तक मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरू की झील में पीने लायक पानी तो दूर नहाने लायक भी नहीं, रिपोर्ट में खुलासा
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके।