कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले में स्थित आईफोन बनाने वाली मशहूर फॉक्सकॉन कंपनी के कारखाने में एक ऐसी वारदात हुई जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। यहां काम करने वाली 19 साल की एक युवती ने अपनी पहचान छुपाने के चक्कर में इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने न सिर्फ कारखाने के शौचालय में एक बच्चे को जन्म दिया, बल्कि जन्म के कुछ ही मिनटों के भीतर गला काटकर नवजात की हत्या कर दी और शव को डस्टबिन में फेंक दिया। यह पूरी घटना तब सामने आई जब टॉयलेट गए एक दूसरे कर्मचारी की नजर उस मासूम के खून से सने शव पर पड़ी।
आरोपी लड़की की पहचान रेणुका के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु ग्रामीण जिले में मौजूद फॉक्सकॉन फैक्ट्री में काम करती है। पुलिस के मुताबिक, रेणुका को ड्यूटी के समय अचानक तेज दर्द महसूस हुआ। वह तुरंत कारखाने के शौचालय में गई, जहां उसने अकेले ही एक नवजात बच्चे को जन्म दिया।
यह भी पढ़ें: 'अंधेरे में दुल्हन कैसे लाऊं?' बिजली कटी तो बारात लेकर DM ऑफिस पहुंच गया दूल्हा
गला काटकर डस्टबिन में फेंका शव
बच्चा पैदा होते ही रेणुका ने एक खौफनाक फैसला लिया। उसने किसी धारदार चीज से नवजात का गला रेत दिया ताकि उसकी आवाज बाहर न जा सके। इसके बाद उसने बच्चे के शरीर को डस्टबिन में रखी एक काली पन्नी के अंदर छिपा दिया ताकि किसी को भनक न लगे और वह चुपचाप वहां से निकल गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि रेणुका अविवाहित थी। वह इस बात से बुरी तरह डरी हुई थी कि अगर लोगों को उसके मां बनने के बारे में पता चला तो समाज में उसकी भारी बदनामी होगी। इन्हीं समाज की बातों और बदनामी के डर से उसने अपने ही बच्चे को मारने का रास्ता चुना।
यह भी पढ़ें: धमकी से डरा दारोगा, नहीं लाया बारात, दुल्हन ने प्रेमी संग लिए सात फेरे
कर्मचारी ने देखा शव
घटना का पता तब चला जब कारखाने का एक दूसरा कर्मचारी टॉयलेट गया और उसने डस्टबिन में बच्चे का शव देखा। कंपनी के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। विश्वनाथपुरा पुलिस स्टेशन की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामला दर्ज किया।
बच्चे को जन्म देने और घटना के बाज लड़की की तबीयत बिगड़ गई जिसके कारण उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आगे की पूछताछ की जाएगी।