बंगाल के दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची से कथित दुष्कर्म और हत्या के बाद भीड़ ने एक व्यक्ति को आरोपी समझकर पीट-पीटकर मार डाला। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जानकारी दी है कि अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी और शव को बोरे में भरकर एक तालाब में फेंक दिया गया था।
इसी महीने 4 जुलाई को बच्ची अपनी एक दोस्त के लिए जन्मदिन का उपहार खरीदने घर से निकली थी लेकिन, वह घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी, जिसके एक दिन बाद बच्ची का शव बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें: ललिता गौतम केस: प्रदर्शन से SSP अविनाश पांडे के थप्पड़ तक, हंगामा क्यों बरपा है?
आरोपी समझकर युवक की पीट-पीटकर हत्या
बच्ची का शव बरामद होने के तुरंत बाद गुस्साई भीड़ ने बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या में शामिल होने के संदेह में इंद्रजीत मंडल नामक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मंडल इस मामले में निर्दोष था। इंद्रजीत की हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। अधिकारी का शनिवार को मंडल के घर जाने से मृतक बच्ची के परिवार से मिलने का कार्यक्रम है।
पुलिस ने क्या कहा?
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘मामले की गहन जांच जारी है। भीड़ द्वारा हत्या के मामले में हम अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुके हैं। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’’ बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या की घटना के तुरंत बाद शुभेंदु अधिकारी ने बारुईपुर का दौरा किया। उन्होंने जिला पुलिस मुख्यालय में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने मंडल के परिवार से भी मुलाकात की और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।
यह भी पढ़ें: बेटी ने कराई मां की हत्या, सरकारी नौकरी और जमीन पर नजर, रिश्तेदारों को दी सुपारी
मुख्यमंत्री का दौरा
CM शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की थी कि वह एक सप्ताह के भीतर दोबारा आएंगे। मुख्यमंत्री का बारुईपुर पुलिस जिले के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सुर्ज्यपुर में एक पुलिस चौकी का उद्घाटन करने का भी कार्यक्रम है। CM के दौरे से पहले स्थानीय प्रशासन ने जर्जर सड़कों की मरम्मत करायी। इसके अलावा, भीड़ द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए मंडल के घर की भी मरम्मत कराई गई है। प्रशासन उनके बुजुर्ग माता-पिता को भी सहायता उपलब्ध करा रहा है।