logo

मूड

ट्रेंडिंग:

मां-बाप गए हज करने, बड़े भाई को जान से मार डाला फिर खुद ही दे रहा था धरना

एक युवक ने पहले तो अपने ही बड़े भाई की हत्या की फिर लाश को हाइवे पर रखकर प्रदर्शन किया। अब पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया है।

ai generated image of a man

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: ChatGPT

उत्तराखंड के देहरादून से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नशे के आदी एक 21 वर्षीय युवक ने पहले तो अपने भाई की हत्या कर दी और फिर जांच को गुमराह करने के लिए लाश लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया। अब पुलिस की जांच में सामने आया है कि नशे के चक्कर में इस युवक ने घर से पैसे चुराए थे। इसी पर जब बड़े भाई ने डांटा तो छोटे भाई ने उसे ही मार डाला। पता चला है कि इस युवक ने अपने पिता का ATM लेकर लगभग 10 लाख रुपये निकाल लिए थे। इस युवक ने ऐसे वक्त अपने भाई की जान ली जब उसके मां-बाप हज करने गए थे। इतना ही नहीं, इस युवक ने अपने भाई की लाश हाइवे पर रखकर प्रदर्शन भी किया था। 

 

स्थानीय वकील सोहैल हारून को रविवार रात भुड्डी गांव स्थित उनके घर के अंदर गर्दन में गोली मारी गई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान शाहिद हारून के रूप में हुई है, जो सोहैल का भाई है। आरोपी शाहिद नशे का आदी और आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पत्रकारों को बताया कि यह हत्या पैसे को लेकर हुए विवाद के चलते की गई।

 

यह भी पढ़ें: 'फैजल खान ने मेरे भाई की हत्या कराई...' जेल से बाहर आते ही बोले रौशन आनंद

10 लाख निकाले तो भाई ने पीटा

पुलिस के अनुसार, सोहैल को हाल ही में पता चला था कि शाहिद ने उनके पिता का एटीएम कार्ड चोरी करके बैंक खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए थे। पुलिस के अनुसार, जब सोहैल ने इस चोरी को लेकर अपने छोटे भाई से पूछताछ की और उसे पीटा तो शाहिद ने हत्या करने की योजना बना ली। एसएसपी ने बताया कि अपराध को अंजाम देने और पकड़ में आने से बचने के लिए शाहिद ने घटना से दो दिन पहले घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी और केवल लाइव फीड चालू रहने दी थी। 

 

एसएसपी ने बताया कि रविवार रात उसने .32 बोर देशी पिस्तौल से सोहैल को गोली मारी और हथियार को बाथरूम में छिपा दिया। उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर जब एक स्थानीय निवासी घर पहुंचा तो शाहिद ने दावा किया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर उसके भाई को गोली मार दी। उन्होंने बताया कि घटना के समय घर में केवल दोनों भाई ही थे क्योंकि उनके माता-पिता लगभग तीन हफ्ते पहले हज के लिए गए हुए थे। एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने बाद में जांच को भटकाने और खुद को शोकाकुल पीड़ित के रूप में प्रस्तुत करने के प्रयास के तहत अपने रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों को उकसाकर सोहैल का शव देहरादून-पोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर यातायात बाधित किया।

 

यह भी पढ़ें: 'ममता को धक्का दे दिया था, मारपीट होती थी', TMC के बागी सांसद ने लगाए गंभीर आरोप

अब दो-दो केस चलेंगे

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक रोकने की सूचना मिलने पर सदर और पटेल नगर कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने बाद में बाथरूम से पिस्तौल बरामद की। एसएसपी ने बताया कि पटेल नगर (कोतवाली) पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने बताया कि पहला मामला हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित है जबकि दूसरा मामला नेशनल हाइवे बाधित करने और पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार से जुड़ा है। एसएसपी ने बताया कि मृतक के परिवार में एक और बड़ा भाई है जो नौसेना में कार्यरत है और एक विवाहित बहन भी है। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।


और पढ़ें