उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। हरपालपुर क्षेत्र में एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने दूसरे पति के साथ मिलकर तीसरे पति को बंधक बनाया और उसका आधा सिर तथा आधी मूंछ उस्तरे-कैंची से मुंडवा दी। इसके बाद उसके गले में जूतों की माला डालकर गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है।
मामला अरवल थाना क्षेत्र के खुर्रमपुरवा गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाली सोनिया यादव की तीन शादियां हो चुकी हैं और उसके 9 बच्चे हैं। आरोप है कि महिला का चौथे युवक से संपर्क था। उसके तीसरे पति नरेंद्र ने इसको लेकर आपत्ति जताई थी। इसके बाद कथित तौर पर उसे बहाने से गांव बुलाया गया। नरेंद्र का आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद सोनिया और उसके दूसरे पति मुन्ना यादव ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद कैंची और उस्तरे से उसके आधे सिर के बाल और आधी मूंछ काट दी गई। उसके गले में जूतों की माला डालकर उसे गांव में घुमाया गया। इस दौरान उसका वीडियो भी बनाया गया, जिसमें वह हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है।
इंस्टाग्राम से हुई थी नरेंद्र और सोनिया की पहचान
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के डडोस कुसमरा गांव निवासी नरेंद्र के मुताबिक उसकी पहचान सोनिया से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। सोनिया ने उसे कई बार फोन किया और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। इसके बाद नरेंद्र उससे मिलने कन्नौज के गौरीघाट पहुंचा। वहां से वह सोनिया को गुरुग्राम ले गया और करीब दो दिन बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली।नरेंद्र का दावा है कि परिवार की नाराजगी के बावजूद वह करीब ढाई साल तक सोनिया के साथ रहा। बाद में उसे पता चला कि सोनिया की पहले दो शादियां हो चुकी हैं और उसके नौ बच्चे हैं।
यह भी पढ़ें: गैस सिलेंडर में धमाका, 2 मंजिला मकान जमींदोज, 4 सगे भाइयों की मौत, कई घायल
चौथे पति की तलाश में थी सोनिया
नरेंद्र के मुताबिक जुलाई 2026 में सोनिया की तबीयत खराब होने पर वह उसे उसके कहने पर गौरीघाट छोड़ आया था। इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा और गुरसहायगंज के एक होटल में तीन-चार बार मुलाकात हुई। नरेंद्र का आरोप है कि अलग-अलग मौकों पर सोनिया ने उससे करीब 40 हजार रुपये भी लिए। 25 सितंबर को नरेंद्र बहादुरगढ़ से गुरसहायगंज पहुंचा और सोनिया से मिला। इसी दौरान उसने उसका मोबाइल चेक किया। आरोप है कि मोबाइल में चौथे व्यक्ति से बातचीत की जानकारी मिलने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान करीब पांच महीने की गर्भावस्था को लेकर सफाई कराने की बात भी सामने आई। विवाद के दौरान नरेंद्र ने गुस्से में सोनिया को थप्पड़ मार दिया।
दूसरे पति के घर में बंधक बनाने का आरोप
नरेंद्र का आरोप है कि थप्पड़ मारने के बाद सोनिया उसे अपने गांव खुर्रमपुरवा ले आई और मुन्ना यादव के घर में रिश्तेदार बताकर रख दिया। बाद में मुन्ना को दोनों के संबंध की जानकारी हुई। आरोप है कि इसके बाद सोनिया और मुन्ना ने मिलकर नरेंद्र को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए आधा सिर और आधी मूंछ मुंडवा दी। इसके बाद उसके गले में जूतों की माला डालकर उसे गांव में घुमाया गया। बंधक बनाए जाने के दौरान नरेंद्र का वीडियो भी बनाया गया। वीडियो में वह हाथ जोड़कर छोड़ने और रहम करने की गुहार लगाता नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज में UP STF का बड़ा एक्शन, एक करोड़ की नशीली दवाएं बरामद
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। हरपालपुर के क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि घटना रविवार की है और वीडियो सोमवार को पुलिस के संज्ञान में आया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी है।