हाल ही में एक केस की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कुछ ऐसा कहा जो चर्चा का विषय बन गया है। सुप्रीम कोर्ट ने कैंसर की दवाओं के लगभग 10 गुना ज्यादा दाम लिखने और वसूलने को लेकर सवाल उठाए और इस पर भारी नाराजगी भी जाहिर की। इसके बाद से ही दवा कंपनियों की कमाई, उनके मुनाफे और लागत की तुलना में बिक्री वाली कीमत पर खूब चर्चा हो रही है। इसी क्रम में जब हमने भारत की शीर्ष कंपनियों की कमाई और मुनाफे का ब्योरा देखा तो पता चला कि कई कंपनियां ऐसी भी हैं जो हर दिन 5 से 10 करोड़ रुपये तक का मुनाफा कमा रही हैं। इनमें कई कंपनियां ऐसी भी हैं जो कैंसर की दवाएं भी बनाती हैं।

 

यह मामला सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने सुना था। कुछ लोगों ने याचिका दायर की थी कि निजी अस्पतालों ने अपनी ही फार्मेसी से दवाएं खरीदने पर मजबूर किया और वे दवाओं को मैक्सिमम रीटेल प्राइस (MRP) पर बेच रहे थे। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर भी सवाल उठाए कि आयुष योजना के तहत इलाज कराने वाले मरीजों के मामले में अस्पताल इन दवाओं का पैसा सरकार से ले रहे हैं। इसी केस की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जो कैंसर की दवा रिटेलर को 2700 रुपये में मिलती है उसकी MRP 27000 रुपये तक छापी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली के सेवन सीज होटल पर FSSAI का ऐक्शन, फंगस-कॉकरोच मिलने पर लाइसेंस सस्पेंड

कितना कमा रही हैं भारत की दवा कंपनियां?

अगर भारत की प्रमुख दवा कंपनियों को देखें तो सन फार्मा, Dr. Reddy's, सिप्ला, बायोकॉन और नैटको फार्मा हैं। ये कंपनियां दवाएं बनाने के अलावा कई अन्य कारोबार से भी अच्छे पैसे कमाती हैं। अगर हम सन फार्मा की बैलेंस शीट देखें तो पता चलता है कि 2025-26 में सन फार्मा ने कुल 21173 करोड़ रुपये कमाए। टैक्स काटने के बाद इसमें से उसका कुल मुनाफा 2623 करोड़ रुपये का रहा। अगर इसे एक दिन के हिसाब से देखें तो सन फार्मा ने लगभग हर दिन 7.18 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। कुल कमाई देखें तो इसी कंपनी ने हर दिन लगभग 58 करोड़ रुपये कमाए।

 

इसी तरह Dr. Reddy's ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 33593 करोड़ रुपये कमाए। यानी हर दिन लगभग 92 करोड़ रुपये की कमाई हुई। खर्च और टैक्स के बाद इसी कंपनी का सालाना मुनाफा 4285 करोड़ रुपये का हुआ। इस तरह इस कंपनी ने साल के हर दिन लगभग 11.73 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया।

 

यह भी पढ़ें: नया ऐप, नई वेबसाइट, फिर भी नहीं सुधरी व्यवस्था; तत्काल टिकट बुकिंग अब भी सिरदर्द

 

दवा बनाने के मामले में तीसरी बड़ी कंपनी Cipla  है। इस कंपनी की साल 2025-26 की बैलेंस शीट बताती है कि साल भर में कुल 28,163 करोड़ रुपये की कमाई हुई। यानी हर दिन लगभग 77.15 करोड़ रुपये की कमाई हुई।    टैक्स और खर्च आदि काटने के बाद कंपनी को शुद्ध लाभ कुल 3879 करोड़ रुपये का हुआ। इस हिसाब से इस कंपनी ने हर दिन लगभग 10.62 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया।