बिजनेस सीखने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते। कोई MBA करता है, कोई मोटी-मोटी किताबें पढ़ता है। कोई यूट्यूब पर घंटों वीडियो देखता है। और इन सबके बाद भी जब असली दुनिया में कदम रखते हैं तो लगता है कि जो सबसे जरूरी चीजें थीं वो कहीं सिखाई ही नहीं गई। जैसे कि अपने साथी पर कितना भरोसा करना चाहिए, कम पैसों में काम कैसे चलाएं, किसी बड़े के सामने अपनी बात कैसे रखें और लालच कैसे सब कुछ बर्बाद कर देती है। 

 

ये बातें कोई सिलेबस नहीं सिखाता। ये सीखने के लिए असली कहानियां चाहिए और कुछ फिल्में हैं जो बिल्कुल यही करती हैं। ये सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं बनी हैं इनमें बिजनेस की वो असली समझ है जो आपको किताबों में नहीं मिलेगी। इन्हें देखते वक्त आप बस फिल्म नहीं देख रहे होते, आप सोचने लगते हैं कि अगर मैं उस जगह होता तो क्या करता। और यही सोच आपको आगे बढ़ाती है। 

 

यह भी पढ़ें: भारत बना Pepsi का ग्रोथ इंजन, क्यों बड़ी FMCG कंपनियां इंडिया पर दांव लगा रहीं?

1. The Social Network (2010)

'The Social Network' फिल्म फेसबुक के बनने और मार्क जुकरबर्ग की कहानी पर आधारित है। यह दिखाती है कि कैसे कॉलेज के एक कमरे से शुरू हुआ आईडिया दुनिया की बड़ी कंपनी बना। पर इस सफर में मार्क को कामयाबी के साथ-साथ अपने ही दोस्तों के साथ कानूनी झगड़ों और धोखे का सामना भी करना पड़ा। यह फिल्म दिमाग, मेहनत और रिश्तों के टूटने की एक दिलचस्प कहानी है।

2. The Wolf of Wall Street (2013)

'The Wolf of Wall Street' एक स्टॉक ब्रोकर जॉर्डन बेलफोर्ट की सच्ची कहानी है। उसने अपनी चालाकी से शेयर बाजार में करोड़ों रुपये कमाए लेकिन उसका तरीका धोखेबाजी से भरा था। फिल्म दिखाती है कि कैसे लालच और गलत कामों की वजह से उसका इतना बड़ा बिजनेस डूब गया और उसे जेल जाना पड़ा। यह फिल्म हमें सिखाती है कि बिना ईमानदारी के मिली कामयाबी ज्यादा समय तक नहीं टिकती।

3. Joy (2015)

'Joy' फिल्म एक ऐसी महिला की सच्ची कहानी है जिसने अपनी गरीबी से लड़कर एक बड़ा बिजनेस साम्राज्य खड़ा किया। जॉय ने घर के काम को आसान बनाने के लिए एक खास तरह का पोंछा बनाया था। बिजनेस की शुरुआत में उसे बहुत धोखे और मुश्किलों का सामना करना पड़ा लेकिन उसने हार नहीं मानी। अपनी मेहनत और हिम्मत के दम पर वह एक कामयाब बिजनेसमैन बनी। यह फिल्म हमें सिखाती है कि खुद पर भरोसा रखने से कोई भी सपना पूरा हो सकता है।

4.  Moneyball (2011)

'Moneyball' एक सच्ची कहानी है जो बेसबॉल टीम के मैनेजर बिली बीन के बारे में है। उनके पास टीम के लिए बजट कम था, इसलिए उन्होंने बड़े खिलाड़ियों के बजाय मैथ्स और डेटा का इस्तेमाल करके सस्ते लेकिन अच्छे खिलाड़ी चुने। शुरू में सबने उनका मजाक उड़ाया लेकिन उनकी इस अनोखी तकनीक ने टीम को रिकॉर्ड तोड़ जीत दिलाई। यह फिल्म सिखाती है कि बिना ज्यादा पैसों के भी सिर्फ दिमाग और सही रणनीति से कामयाबी पाई जा सकती है।

 

यह भी पढ़ें: टूरिजम से कमाई में जबरदस्त इजाफा, तमिलनाडु में आखिर ऐसा क्या है?

5. The Founder (2016)

'The Founder' फिल्म की कहानी रे क्रॉक नाम के एक सेल्समैन के बारे में है। यह फिल्म दिखाती है कि कैसे उन्होंने मैकडॉनल्ड्स (McDonald's) को एक छोटे से बर्गर स्टॉल से दुनिया का सबसे बड़ा फूड ब्रांड बना दिया। शुरुआत में रे क्रॉक की मुलाकात मैकडॉनल्ड भाइयों से होती है, जिन्होंने खाना जल्दी तैयार करने का एक बहुत ही शानदार तरीका निकाला था।

 

रे को उनका यह आईडिया बहुत पसंद आया और उन्होंने इसे पूरे देश में फैलाने का फैसला किया। लेकिन जैसे-जैसे बिजनेस बढ़ा, रे क्रॉक ने चालाकी और मेहनत से उन भाइयों को ही उनके अपने बिजनेस से बाहर कर दिया और पूरी कंपनी के मालिक बन गए। यह फिल्म एक इंसान के जुनून, लालच और कामयाबी की सच्ची कहानी को बड़े ही दिलचस्प तरीके से दिखाती है।