जिस एयरलाइन के बेड़े में कभी 100 से ज्यादा फ्लाइट्स थीं, जो कभी देश की तीसरी सबसे बड़ी एयरलाइन थी आज बंद होने के कगार पर है। इस समय स्पाइसजेट (SpiceJet) आर्थिक तंगी, उड़ानों में देरी और ऑपरेशनल दिक्कतों से जूझ रही है। उड़ाने रद्द होने और देरी से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया, बीते कई दिनों से इस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
ऐसा पहली बार नहीं है, जब स्पाइसजेट संकट में फंसी है। कंपनी पहले भी दो बार मुश्किल दौर से गुजर चुकी है और किसी तरह अपना कारोबार संभालने में कामयाब रही। अब फिर स्पाइसजेट के सामने आर्थिक चुनौतियां खड़ी हैं। दूसरी ओर DGCA ने स्पाइसजेट को नोटिस थमाकर फ्लाइटों में देरी और उड़ानों के रद्द होने पर जवाब मांगा है।
यह भी पढ़ें: 1982 का बंगाली गाना 'आज शनिवार' GTA 6 की वजह से चर्चा में क्यों है?
आंकड़ों से समझिए क्या है स्पाइसजेट की स्थिति
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 में स्पाइसजेट की यात्रियों की संख्या और बाजार हिस्सेदारी में लगातार गिरावट आई है। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2026 में कंपनी ने 5.92 लाख यात्रियों को हवाई सफर कराया था। वहीं घरेलू विमानन बाजार में उसकी हिस्सेदारी 3.9 फीसदी थी। इसके बाद सितंबर तक यात्रियों की संख्या घटकर महज 73 हजार रह गई और बाजार हिस्सेदारी भी गिरकर 0.6 फीसदी पर पहुंच गई। यानी जनवरी के मुकाबले सितंबर में कंपनी के यात्रियों की संख्या करीब 87.7 फीसदी कमी आई।
तिमाही आंकड़ों पर नजर डालें तो हिसाब से देखें तो जनवरी-मार्च के दौरान स्पाइसजेट ने 16.87 लाख यात्रियों को सफर कराया था, जबकि अप्रैल-जून में यह संख्या 11.23 लाख और जुलाई-सितंबर में घटकर सिर्फ 4 लाख रह गई। इससे साफ है कि 2026 के पहले नौ महीनों में कंपनी की घरेलू बाजार में पकड़ लगातार कमजोर हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ानों के मामले में भी स्पाइसजेट की स्थिति ठीक नहीं रही। सितंबर में कंपनी की 20.29 फीसदी उड़ानें रद्द हुईं। सभी घरेलू एयरलाइंस में यह औसत सिर्फ 1.15 फीसदी था। दूसरी ओर स्पाइसजेट की केवल 16.6 फीसदी उड़ानें ही समय पर चलीं। कंपनी की 39.36 फीसदी उड़ानों में दो घंटे से ज्यादा की देरी हुई, जबकि सभी एयरलाइंस का औसत 1.19 फीसदी था। कुल मिलाकर, आंकड़े बताते हैं कि स्पाइसजेट को यात्रियों की संख्या घटने के साथ-साथ उड़ानों के संचालन और समय पर सेवा देने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।
पहले भी आए आर्थिक संकट, कैसे उभरी कंपनी?
ऐसा पहली बार नहीं है, जब कंपनी के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा है। इससे पहले साल 2014-15 में कंपनी को बड़े आर्थिक संकट से गुजरना पड़ा। स्पाइसजेट की 2014-15 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी को मिलने वाली फंडिंग में देरी हुई और पहले से बकाया भुगतान का बोझ बढ़ता गया। इसके चलते कंपनी कर्मचारियों, टैक्स विभाग, एयरपोर्ट ऑपरेटरों, सप्लायर्स और विमान लीज पर देने वाली कंपनियों का भुगतान नहीं कर पाई।
इस स्थिति में कई विमान लीज पर देने वाली कंपनियों को वापस करने पड़े और उड़ानें रद्द होने लगीं। इसी रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई 2014 में कंपनी रोजाना औसतन 340 उड़ानें लीड करती थी, दिसंबर 2014 में घटकर 230 रह गईं। इस स्थिति को देखते हुए दिसंबर 2014 में DGCA ने एडवांस टिकट बुकिंग पर रोक लगाई और कंपनी की उड़ानों पर निगरानी बढ़ा दी।
कंपनी की नकदी आने में करीब 90 फीसदी की गिरावट आई और दिसंबर 2014 के मध्य में कंपनी को कुछ उड़ानें अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ीं। इसके बाद जनवरी 2015 में अजय सिंह ने कंपनी का नियंत्रण संभाला और उसे दोबारा खड़ा करने की योजना शुरू हुई।
कंपनी के सामने दूसरा बड़ा संकट कोरोना महामारी के समय आया। रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2020 में लॉकडाउन के कारण कंपनी की यात्री उड़ानें बंद करनी पड़ीं और 25 मई 2020 से सीमित संख्या में घरेलू उड़ानें शुरू हुईं। 2021 में कोरोना की दूसरी लहर और 2021-22 में तीसरी लहर ने यात्रियों की मांग और कमाई को प्रभावित किया।
कंपनी की 2021-22 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, उस साल उसे करीब 1,722 करोड़ रुपये का घाटा हुआ और उसका कुल घाटा बढ़कर करीब 5,908 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस दौरान महंगा एविएशन फ्यूल, रुपये की कमजोरी और बोइंग 737 MAX विमानों की ग्राउंडिंग ने भी कंपनी की आर्थिक स्थिति पर दबाव बढ़ाया।
यह भी पढ़ें: 'असभ्य, लालची, जाति और पुरुष वर्चस्ववादी', BJP-RSS पर क्यों भड़के राहुल गांधी?
2024-25 के बाद फिर मुश्किल में फंसी कंपनी
साल 2024-25 में स्पाइसजेट ने अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सितंबर 2024 में 3,000 करोड़ रुपये जुटाए थे। हालांकि इससे कंपनी की सारी परेशानियां खत्म नहीं हुईं। विमानों की मरम्मत, पुराने बकाये चुकाने और उड़ानों को सुचारू रूप से चलाने की चुनौतियां बनी रहीं। कंपनी की 2024-25 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय तक कंपनी पर 7,764.81 करोड़ रुपये का पुराना घाटा जमा हो चुका था।
दूसरी ओर कंपनी की देनदारियां उसकी मौजूदा संपत्तियों से 3,845.07 करोड़ रुपये ज्यादा थीं। आसान भाषा में कहें तो कंपनी के पास तुरंत इस्तेमाल के लिए जितनी संपत्ति थी, उससे कहीं ज्यादा रकम उसे चुकानी थी। फिर इसी महीने नवंबर 2026 में कंपनी के बोर्ड ने अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने और कारोबार को दोबारा मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना को मंजूरी दी। हालांकि, यह रकम अभी जुटाई नहीं गई है।
बैंक ने भी कर्ज देने से किया इनकार
स्पाइसजेट की आर्थिक मुश्किलें इस कदर बढ़ गई हैं कि कंपनी को नए कर्ज के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। द इकोनॉमिक टाइम्स की 19 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, यस बैंक ने स्पाइसजेट को इमरजेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम (ECLGS) के तहत 350 करोड़ रुपये का कर्ज देने से इनकार कर दिया है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि बैंक ने कंपनी के पुराने लोन में डिफॉल्ट और भुगतान संबंधी समस्याओं को इसकी वजह माना।
ऐसे में कंपनी के सामने नकदी जुटाने की चुनौती बढ़ती दिख रही है। स्पाइसजेट अब नए निवेशकों से बातचीत कर रही है और उसके बोर्ड ने 5,500 करोड़ रुपये तक की रकम जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
दुबई में बंद हुई थीं स्पाइसजेट की चेक-इन सेवाएं
इसी महीने यानी नवंबर 2026 में दुबई एयरपोर्ट ऑपरेटर ने बकाया भुगतान नहीं मिलने पर स्पाइसजेट की चेक-इन सेवाएं रोक दीं। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी पर ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी Dnata का करीब 1.4 करोड़ UAE दिरहम यानी लगभग 35.85 करोड़ रुपये बकाया था। इसके चलते 12 नवंबर को दुबई से अमृतसर, जयपुर, मुंबई और दिल्ली जाने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। हालांकि, कंपनी संबंधित अधिकारियों के साथ मामला सुलझाने में जुट गई।
स्पाइसजेट को DGCA नोटिस
स्पाइसजेट की मुश्किलें एक बार फिर विमानन नियामक DGCA तक पहुंच गई हैं। 17 नवंबर 2026 को DGCA ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया और सात दिनों में जवाब मांगा। इसमें उड़ानों में देरी, लगातार रद्द होती फ्लाइट्स, तय शेड्यूल का पालन नहीं करने और यात्रियों को उचित सुविधा नहीं देने पर सवाल उठाए गए हैं। साथ ही, कंपनी के ज्यादातर विमानों के जमीन पर खड़े होने और उन्हें दोबारा उड़ान के लिए तैयार करने की ठोस योजना नहीं देने पर भी चिंता जताई।
