रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेंट्रल रेलवे ने अप्रेंटिस के 2,861 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (RRC), सेंट्रल रेलवे ने इसके लिए नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। नोटिफिकेशन के मुताबिक, योग्य उम्मीदवार 2 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू के बजाय मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा।

 

नोटिफिकेशन के अनुसार, इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 15 साल और अधिकतम उम्र 24 साल होनी चाहिए। आयु की गणना 3 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार छूट मिलेगी। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है और इसमें कम से कम 50 प्रतिशत नंबर होने चाहिए। इसके साथ संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त ITI सर्टिफिकेट भी अनिवार्य है। यानी केवल 10वीं पास उम्मीदवार इस भर्ती के लिए एलिजिबल नहीं होंगे।

 

यह भी पढ़ें: NEET के साथ 12वी के नंबर भी होंगे जरूरी? नीलेकणी पैनल में इन मुद्दों पर चर्चा

कैसे बनेगी मेरिट लिस्ट?

उम्मीदवारों का चयन 10वीं और ITI में मिले अंकों के औसत के आधार पर किया जाएगा और इसके लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। दोनों परीक्षाओं के प्रतिशत को जोड़कर उनका औसत निकाला जाएगा और उसी के आधार पर मेरिट तैयार होगी। चयनित उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

कहां मिलेगी पोस्टिंग?

कुल 2,861 अप्रेंटिस ट्रेनिंग स्लॉट को सेंट्रल रेलवे के पांच क्लस्टर में बांटा गया है। इनमें मुंबई में 1,712, भुसावल में 500, पुणे में 271, नागपुर में 221 और सोलापुर में 157 स्लॉट शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को एक साल की अप्रेंटिस ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान उन्हें 9,600 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।

 

यह भी पढ़ें: किस कोर्स और यूनिवर्सिटी में पढ़ने भारत आ रहे विदेशी छात्र? आंकड़ों से समझिए

कैसे करें आवेदन?

इच्छुक उम्मीदवार सेंट्रल रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट (www.rrccr.com) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है, जबकि SC, ST, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है। अगर आप इसके लिए अप्लाई करना चाहते हैं तो इसकी लास्ट डेट 2 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे है। लास्ट डेट से पहले आवेदन करने की सलाह नोटिफिकेशन में दी गई है।