नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अंडरग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) की सिटी इंटिमेशन स्लिप 2026 जारी कर दी है। कल 30 अप्रैल को जब से यह स्लिप जारी हुई है तब से कई उम्मीदवार परेशान हैं। परेशान होने के पीछे की वजह उनका एग्जाम सेंटर है। कई उम्मीदवारों ने इस स्लिप के जारी होने के बाद एनटीए से एग्जाम सेंटर दूर होने की शिकायत की है। इस पर एनटीए ने जवाब भी दिया है। 

 

सिटी इंटिमेशन स्लिप इसलिए जारी की जाती है कि छात्र उस शहर तक जाने के लिए टिकट का इंतजाम और दूसरे इंतजाम कर लें। इसके साथ  CUET UG इंटिमेशन स्लिप 2026 पर, उम्मीदवार अपने लिए अलॉट किया गया परीक्षा शहर और विषय के हिसाब से परीक्षा की तारीख देख सकते हैं। हालांकि, कई छात्रों के एग्जाम सेंटर काफी दूर हैं। 

 

यह भी पढ़ें: NEET UG में एग्जाम सेंटर पर परेशान होने से बचना है तो अभी कर लें ये काम

क्या बोले छात्र?

सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार छात्र एग्जाम सेंटर दूर होने की शिकायतें कर रहे हैं। एक बच्चे के पिता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मैंने अपने बच्चे के CUET UG 2026 के लिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र, अंबाला, फरीदाबाद और गुरुग्राम सेंटर भरे थे लेकिन मुझे पंजाब के पटियाला में सेंटर मिले हैं।' उन्होंने विरोध जताते हुए कहा कि यह सरासर गलत है और सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। 

 

खर्च को लेकर परेशान छात्र

कई छात्रों का एग्जाम सेंटर दूसरे शहरों में ही नहीं बल्कि 300 किलोमीटर दूर दे दिया गया है। ऐसे ही एक छात्र ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मैंने CUET UG 2026 के लिए नोएडा और दिल्ली का विकल्प चुना था लेकिन मुझे जयपुर मिला है। आर्थिक कारणों से मैं इतना दूर ट्रैवल नहीं कर सकता हूं। मैं आपसे विनती करता हूं कि मेरा एग्जाम सेंटर बदला जाए और मेरे चुने हुए सेंटर्स में से एक को किया जाए।' दिल्ली-एनसीआर के कई छात्रों को राजस्थान के जयपुर में भेजा जा रहा है। छात्र लगातार सोशल मीडिया पर इसका विरोध कर रहे हैं। कई छात्रों ने लिखा कि उनका एग्जाम सेंटर इतनी दूर दे दिया गया है कि वह उस सेंटर तक पहुंच ही नहीं पाएंगे। 

 

यह भी पढ़ें: CBSE ने पेरेंटिंग कैलेंडर किया जारी, पेरेंट्स और बच्चों पर फोकस

NTA ने क्या कहा?

एनटीए ने छात्रों की इन चिंताओं पर जवाब दिया है लेकिन इनका हल नहीं निकाला है। एनटीए ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, 'हम समझते हैं कि आपमें से कुछ लोगों को उनकी पसंद के शहरों से काफी दूर परीक्षा केंद्र अलॉट किए गए हैं और हमें इस बारे में कई शिकायतें मिली हैं। यह स्थिति मुख्य रूप से कुछ ही शहरों में उम्मीदवारों की बहुत ज्यादा संख्या और CBT परीक्षा केंद्रों की सीमित उपलब्धता के कारण बनी है।'

 

एनटीए ने आगे कहा है कि हम आपकी बात सुन रहे हैं। एनटीए  इन शिकायतों की सक्रिय रूप से समीक्षा कर रहा है और छात्रों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए सर्वोत्तम संभव समाधानों की तलाश कर रहा है। एनटीए ने छात्रों से अनुरोध किया कि वे धैर्य बनाए रखें। एनटीए ने इस संबंध में अगले कुछ दिनों में अपडेट शेयर करन का आश्वासन दिया है।