नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मेडिकल एंट्रेस एग्जाम नीट यूजी 2026 की परीक्षा को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। देशभर के लाखों स्टूडेंट्स इस साल 3 मई को इस परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। 26 अप्रैल को एटीए ने इस परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं, जिनमें छात्रों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा में कोई नकल या गड़बड़ी ना कर पाए इसके लिए एनटीए आधार बायोमेट्रिक के जरिए उम्मीदवारों की पहचान करता है लेकिन इसको लेकर कई छात्रों के मन में सवाल हैं।
आधार बायोमेट्रिक यानी आपके फिंगरप्रिंट के आधार पर आपकी पहचान की जाएगी। इससे जिस उम्मीदवार ने रजिस्टर किया है उसकी जगह कोई और उम्मीदवार पहचान छिपाकर परीक्षा नहीं दे सकता। हालांकि, आधार बायोमेट्रिक को लेकर कई बार परीक्षा केंद्र पर बवाल देखने को मिलता है। इस बवाल से बचने के लिए और परीक्षा केंद्र पर आपको एंट्री में कोई परेशानी ना हो इसके लिए कुछ जरूरी दिशानिर्देशन हैं जिनका आपको पालन करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: NEET-UG के एडमिट कार्ड जारी, डाउनलोड करने में आ रही है दिक्कत तो सही तरीका जानिए
आधार करवाएं अपडेट
सबसे पहले और जरूरी काम तो यही है कि आप अपने आधार कार्ड को अपडेट करवा लें। आधार बायोमेट्रिक डिटेल्स में गड़बड़ी की संभावनाएं बनी रहती हैं। इसका कारण यह है कि उम्मीदवारों का आधार कार्ड बचपन में बना होता है और लंबे समय से उसे अपडेट नहीं किया गया होता है। इस बात को ध्यान में रखकर ही UIDAI ने दिशा-निर्देश जारी करते हुए 15 साल की उम्र होने पर बायोमेट्रिक्स अपडेट करवाना जरूरी किया है। इसी उम्र के बच्चे नीट की परीक्षा देते हैं। अगर आपका आधार कार्ड अपडेट नहीं है तो आधार अपडेट करवा लें ताकि आपका फिंगरप्रिंट और फेस मैच हो जाए और आपको आसानी से एग्जाम सेंटर में एंट्री मिल जाए।
अगर बायोमेट्रिक नहीं हुआ मैच तो क्या?
अगर आपका बायोमेट्रिक मैच हो जाता है तो आपको आसानी से परीक्षा केंद्र में एंट्री मिल जाएगा। हालांकि, अगर बायोमेट्रिक मैच नहीं होता तो भी आपको परीक्षा केंद्र में जाने से नहीं रोका जाएगा। एनटीए ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा है कि अगर फिंगरप्रिंट एग्जाम सेंटर पर किसी भी कारण से मैच नहीं होते तो उम्मीदवारों को घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे उम्मीदवारों के लिए एनटीए ने कुछ प्रोविजन किए हैं।
- मान्य डॉक्यूमेंट्स के आधार पर मैन्युअल यानी कोई कर्मचारी आपकी पहचान को वेरिफाइ करेगा।
- एक घोषणा पत्र (अंडरटेकिंग फॉर्म) परीक्षा केंद्र पर केंद्र पर्यवेक्षक के पास उपलब्ध रहेगा।
- उम्मीदवारों को पूरी प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा और वेरिफिकेशन के बाद परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: CBSE ने पेरेंटिंग कैलेंडर किया जारी, पेरेंट्स और बच्चों पर फोकस
एडमिट कार्ड प्रिंट को लेकर दिक्कतें
कुछ उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड प्रिंट करावने को लेकर दिक्कतें आ रही हैं। फोटो और सिग्नेचर छोटे होने के कारण प्रिंट में सही से दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे उम्मीदवारों को एनटीए ने कहा है कि जिस भी तरह से एडमिट कार्ड एनटीए ने जारी किया है उसमें बिना किसी छेड़छाड़ के परीक्षा केंद्र पर ले जाएं। उसी फॉर्मेट में प्रिंट करवाने की सलाह दी गई है।
