मटौर-शिमला फोरलेन निर्माण के दौरान शुक्रवार को हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। चीलबहाल से मसीयाना के बीच निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। पुल का निर्माण सामग्री समेत बड़ा हिस्सा करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के दौरान निर्माण कार्य में लगे तीन लोगों के नीचे गिरकर घायल होने की सूचना है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुल के दूसरे हिस्से में करीब छह लोगों के फंसे होने की सूचना है। उनके रेस्क्यू के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और एनएचएआई की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल मलबे और पुल के ढांचे के बीच फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

 

बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन पुल का हिस्सा अचानक टूट गया और निर्माण सामग्री के साथ नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की वजह से मौके पर मौजूद मजदूरों में हड़कंप मच गया। फिलहाल हादसा किस तकनीकी या निर्माण संबंधी कारण से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

 

यह भी पढ़ें: कुल्लू में अवैध भांग की खेती पर शिकंजा, नष्ट किए गए 13,543 पौधे

राहत-बचाव पर फोकस

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। पुलिस, प्रशासन, एनएचएआई और निर्माण कंपनी की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल को सुरक्षित कर बचाव कार्य शुरू किया। पुल का हिस्सा गहरी खाई में गिरने के कारण रेस्क्यू टीमों को नीचे तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

रेस्क्यू अभियान तेज, जांच शुरू

मलबे और लोहे के भारी ढांचे के बीच फंसे मजदूरों तक पहुंचने के लिए बचाव दल सावधानी से रास्ता बना रहे हैं। मौके पर एंबुलेंस और अन्य आवश्यक संसाधन तैनात किए गए हैं। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि पुल के दूसरे हिस्से में कुछ मजदूरों के फंसे होने की सूचना के बाद रेस्क्यू अभियान को और तेज किया गया।

अब क्या मुश्किलें सामने आ रहीं हैं?

बचाव दल लगातार मलबे और क्षतिग्रस्त ढांचे की जांच कर रहे हैं, ताकि अंदर फंसे लोगों की सही स्थिति का पता लगाया जा सके। भारी भरकम निर्माण सामग्री के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।