पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में सरकार बनाने जा रही है। 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसे राज्य में एक नए राजनीतिक दौर की शुरुआत माना जा रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री का चेहरा अभी तक साफ नहीं हो पाया है। इस रेस में सुवेंदु अधिकारी समेत 3 और नाम का जिक्र किया जा रहा है।

 

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 294 सदस्यीय विधानसभा में BJP ने 206 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। 2021 में पार्टी के पास केवल 77 सीटें थीं, जबकि इस बार उसने बड़ी छलांग लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया। TMC इस बार 80 सीटों तक सिमट गई।

 

यह भी पढ़ें: गवर्नर से मिले विजय, तमिलनाडु में सरकार बनाने का पेश किया दावा

मोदी-शाह की मौजूदगी में होगा राजतिलक

शपथ ग्रहण समारोह को यादगार बनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियां जारी हैं। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित NDA शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। आपको बता दें कि सुवेंदु अधिकारी ने अपनी जीत के बाद नंदीग्राम में पूजा-अर्चना की और संघर्ष के दौरान जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर भविष्य की कार्ययोजना का संकेत दिया।

कौन होगा बंगाल का मुख्यमंत्री?

इतना बड़ा बहुमत मिलने के बाद भी मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। फिलहाल नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी इस रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं। हालांकि चर्चा में प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और स्वपन दासगुप्ता के नाम भी चल रहे हैं। BJP नेतृत्व ऐसे चेहरे पर दांव लगाने की सोच रहा है जिसकी पकड़ बंगाल की भाषा, संस्कृति और बौद्धिक विरासत पर मजबूत हो।

 

यह भी पढ़ें: SIR नहीं 'तीसरे' ने बंगाल में कर दिया खेल, 82 सीटों के नतीजे दे रहे गवाही

TMC के हाथ से निकला भवानीपुर और नंदीग्राम

इस चुनाव में सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश भवानीपुर और नंदीग्राम की सीटों से निकला है। भवानीपुर, जिसे ममता बनर्जी का अभेद्य किला माना जाता था, वहां BJP की जीत ने सत्ता परिवर्तन की मुहर लगा दी। चुनाव आयोग के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9,665 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें कुल 1,27,301 वोट मिले, जबकि TMC उम्मीदवार पवित्र कर को 1,17,636 वोटों से संतोष करना पड़ा।

 

वहीं भवानीपुर सीट पर भी चौंकाने वाला नतीजा सामने आया। यहां ममता बनर्जी को 15,105 वोटों से हार झेलनी पड़ी। इस मुकाबले में सुवेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को केवल 58,812 वोट ही मिल सके। शुभेंदु अधिकारी ने साफ किया है कि उनका अगला लक्ष्य BJP के वोट शेयर को 46% से बढ़ाकर 60% तक ले जाना है।