पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को प्रचंड बहुमत मिल गया है और अब उसकी सरकार बनना तय है। अब बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बताया है कि राज्य में नई सरकार का शपथ ग्रहण 9 मई को होगा। बीजेपी की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा जा रहा है। उनकी मौजूदगी में ही बीजेपी के विधायक दल का नेता चुना जाएगा और नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान हो जाएगा। चर्चा है कि इससे पहले ही बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी दिल्ली आकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं और आगे की योजना पर चर्चा कर सकते हैं।
बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बताया है कि 9 मई को रवींद्र नाथ टैगोर का जन्मदिन है और इसी दिन शपथ ग्रहण होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में अपनी आखिरी चुनावी रैली में कहा था कि अब वह शपथ ग्रहण के लिए ही बंगाल लौटेंगे। सामिक भट्टाचार्य ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण के लिए बंगाल जरूर आएंगे।
यह भी पढ़ें: 'TMC की हार पर खुश न हों', ममता बनर्जी के लिए अपनों से खफा क्यों राहुल गांधी?
अमित शाह कराएंगे मुख्यमंत्री का चुनाव
बीजेपी में रवायत रही है कि विधायक दल की बैठक में ही मुख्यमंत्री का नाम चुना जाता है। इसके लिए पार्टी का शीर्ष नेतृत्व पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करता है। इस बार बंगाल के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक और पड़ोसी राज्य ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा जा रहा है। उनकी मौजूदगी में ही विधायक दल की बैठक होगी और नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान किया जाएगा। आमतौर पर बीजेपी में यह देखा गया है कि एक नाम का फैसला पहले से हो जाता है और सभी विधायक उस नाम का समर्थन करते हैं।
हाल ही में इसी तरह शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाकर बिहार भेजा गया था और बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम का एलान किया गया था। बंगाल, पुडुचेरी और असम में भी इसी तरह पर्यवेक्षकों की नियुक्तडि कर दी गई है। असम के लिए जे पी नड्डा को पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। पुडुचेरी के लिए मनसुख मंडाविया और निर्मल कुमार साहा को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: खुद की सीट हारीं, सरकार गई, TMC को दोबारा कैसे खड़ा करेंगी ममता बनर्जी?
कौन बनेगा मुख्यमंत्री?
फिलहाल किसी नाम को लेकर स्पष्ट बयान नहीं दिया गया है। हालांकि, ममता बनर्जी को दूसरी बार हराने वाले सुवेंदु अधिकारी का दावा सबसे ज्यादा मजबूत माना जा रहा है। उनके अलावा, बंगाल में बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुकांत मजूमदार, दिलीप घोष और खुद सामिक भट्टाचार्य भी प्रमुख चेहरे हैं। अगर बीजेपी महिला मुख्यमंत्री के बारे में सोचती है तो अग्निमित्रा पॉल जैसी नेताओं के नाम पर भी विचार हो सकता है।
