फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के 'दिमागी नक्सल' वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अशोक पंडित ने नसीरुद्दीन शाह को अब्यूजर और रोडछाप बता दिया है। उन्होंने कहा है कि नसीरुद्दीन शाह लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। अशोक पंडित ने दावा किया कि नसीरुद्दीन शाह ने कभी भी इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों का सम्मान नहीं किया है। अशोक पंडित ने कहा कि नसीरुद्दीन शाह सामान्य नहीं हैं, उन्हें मेडिकल हेल्प की जरूरत है। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को साइकेट्रिस्ट से सलाह लेने की भी नसीहत दे डाली। अशोक पंडित यहीं नहीं रुके, उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को 'अर्बन नक्सल' और 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' से जुड़ा बता दिया।
अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने 27 अक्टूबर 2026 को फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में खुद को गर्व से ‘दिमागी नक्सल’ कहा था। वह जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों के समर्थन में अपनी बात रख रहे थे। उनकी इस टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ और बॉलीवुड के कई कलाकारों ने नसीरुद्दीन शाह के बयान का विरोध किया। इस कड़ी में फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने ANI को दिए बाइट में कई विवादास्पद दावे किए। अशोक पंडित ने कहा कि नसीरुद्दीन शाह का व्यवहार उनकी हताशा को दिखाता है।
'फिल्में उन्हें रास नहीं आ रहीं'
अशोक पंडित ने नसीरुद्दीन शाह की टिप्पणी को उनकी वैचारिक हताशा से जोड़ते हुए कहा कि देश में जो फिल्में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, वे नसीरुद्दीन शाह को पसंद नहीं आ रही हैं। अशोक पंडित ने इसके लिए द कश्मीर फाइल्स, द केरल स्टोरी और धुरंधर का नाम लिया। उन्होंने कहा, 'शायद उनके असुरक्षित महसूस करने का एक कारण यह है कि देश में जो फिल्में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, वे उन्हें रास नहीं आ रही हैं। ये नैरेटिव उन्हें सूट नहीं करते। वे हीन भावना से जूझ रहे हैं। इसीलिए इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: बेटी ने मंदिर में कर ली लव मैरिज तो बाप ने कर दिया पिंडदान, भाई ने मुंडवाया सिर
‘गुंडे भी ऐसा बर्ताव नहीं करते’
अशोक पंडित ने नसीरुद्दीन शाह के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनका बर्ताव पूरी तरह बेकाबू हो गया है। उन्होंने कहा कि नसीरुद्दीन शाह जिस तरह कैमरे के सामने बात करते हैं और जिस भाषा का इस्तेमाल करते हैं, उससे उनकी हताशा झलकती है। अशोक पंडित ने कहा, 'वे रोडछाप हो गए हैं। गुंडे भी ऐसा बर्ताव नहीं करते, जबकि वे पढ़े-लिखे माने जाते हैं। मुझे नहीं पता कि वे वास्तव में पढ़े-लिखे हैं भी या नहीं, क्योंकि उनके तौर-तरीके और भाषा से हताशा झलकती है।' उन्होंने आगे कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि नसीरुद्दीन शाह को मेडिकल मदद की जरूरत है।
‘आप खुद को परफेक्ट मानते हैं’
अशोक पंडित ने नसीरुद्दीन शाह पर दूसरे कलाकारों के खिलाफ भी बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने अनुपम खेर, शाहरुख खान , अमिताभ बच्चन और सुभाष घई का नाम लेते हुए कहा कि नसीरुद्दीन शाह ने कई लोगों को भला-बुरा कहा है। अशोक पंडित ने कहा, 'अनुपम खेर को, शाहरुख खान को, अमिताभ बच्चन को, सुभाष घई समेत कई लोगों को भला-बुरा कहा है। ऐसा लगता है कि आप खुद को परफेक्ट मानते हैं। यह भी एक मनोवैज्ञानिक समस्या है। कृपया अपना चेकअप करवाएं, इलाज करवाएं। नहीं तो स्थिति और बिगड़ती जाएगी।'
यह भी पढ़ें: फूल तोड़ते हुए बेटा फिसला, पिता बचाने पहुंचे, 23वीं मंजिल गिरकर दोनों की मौत
'आप अर्बन नक्सल गैंग से जुड़े हैं’
अशोक पंडित ने नसीरुद्दीन शाह को ‘अर्बन नक्सल’ और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि नसीरुद्दीन शाह बिना किसी वजह के हर किसी को भला-बुरा कह रहे हैं। अशोक पंडित ने कहा, 'हां, मिस्टर नसीरुद्दीन शाह, आप एक अर्बन नक्सल गैंग से जुड़े हैं और खुद भी एक अर्बन नक्सल हैं, क्योंकि आप बिना किसी वजह के हर किसी को भला-बुरा कह रहे हैं। आप टुकड़े-टुकड़े गैंग के भी हैं।'
क्या कहा था नसीरुद्दीन शाह ने?
नसीरुद्दीन शाह ने एक वीडियो जारी कर खुद को ‘दिमागी नक्सल’ बताया था। उन्होंने कहा था, “मैं फख्र के साथ ऐलान करता हूं कि मैं दिमागी नक्सल हूं। मुझे नहीं पता कि चौकीदारों ने मेरे जैसे लोगों को और क्या-क्या नाम दिए हैं। एंटी नेशनल, टुकड़े-टुकड़े गैंग और न जाने क्या-क्या।” उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया था कि देश के युवाओं का हौसला तोड़ने, शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने और लोकतंत्र को खतरे में डालने के लिए सरकार और कितना आगे जाएगी।
नसीरुद्दीन शाह ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के छात्रों के साथ हुए घटनाक्रम का भी जिक्र किया था। उनका यह बयान जामिया के उन छात्रों के समर्थन में आया था, जो विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
