गुवाहाटी: असमिया सिनेमा इन दिनों नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 12 जून को रिलीज हुई फिल्म 'चुपा-चुपी' लगातार चौथे सप्ताह भी सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। असम के कई सिनेमाघरों में फिल्म के लगभग सभी शो हाउसफुल चल रहे हैं और पूरे असम में इस फिल्म की चर्चा है।

 

एक समय ऐसा भी था जब असमिया फिल्मों के लिए दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाना बड़ी चुनौती बन गया था। उस दौर में जूबिन गर्ग की फिल्म 'कंचनजंघा' ने दर्शकों का भरोसा लौटाया था। अब 'चुपा-चुपी' ने उसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए सदिया से धुबरी तक दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल किया है।

 

यह भी पढ़ें: 'बेबी डू डाई डू' में छाईं हुमा कुरैशी, दमदार ऐक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता

अबतक किया करोड़ों रुपये का कारोबार

चार सप्ताह पूरे कर चुकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों रुपये का कारोबार करने में सफल रही है। फिल्म की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि अच्छी कहानी और मजबूत प्रस्तुति के दम पर असमिया सिनेमा भी व्यावसायिक रूप से बड़ी सफलता हासिल कर सकता है।

प्रणव भराली की कहानी और निर्देशन

DJ Entertainment और Atlas Creation के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन, कहानी और संवाद प्रणव भराली ने तैयार किए हैं। फिल्म में कमल लोचन, स्निग्धा गोगोई, कौशिक भारद्वाज और वैभवी गोस्वामी समेत कई कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं।

 

यह भी पढ़ें: इन वुमन सेंट्रिक फिल्मों ने उड़ाया गर्दा, क्या आलिया की 'अल्फा' तोड़ेगी रिकॉर्ड?

पहले वेब सीरीज के रूप में दर्शकों का लूटा प्यार

गौरतलब है कि 'चुपा-चुपी' पहले वेब सीरीज के रूप में दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई थी। वेब सीरीज की सफलता के बाद इसे फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर लाया गया और अब सिनेमाघरों में भी इसे दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। 'चुपा-चुपी' की यह सफलता असमिया फिल्म उद्योग के लिए एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।