रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी सीजन 15 अब खत्म हो चुका है। इसी के साथ शो के विनर टेलीविजन एक्टर अविनाश मिश्रा बन चुके हैं, जिन्होंने फिनाले स्टेज में ऋत्विक धनजानी को हराकर जीत हासिल की है। अविनाश मिश्रा को जीत की ट्रॉफी के साथ-साथ 20 लाख रुपये विनिंग प्राइज के तौर पर मिले हैं। इस सीजन की सबसे खास बात यह है कि शो में हिस्सा लेने वाले हर कंटेस्टेंट को एक-एक बाइक दी गई है। फिनाले स्टेज में अविनाश और ऋत्विक धनजानी के साथ ओरी ने भी हिस्सा लिया था।
इस साल खतरों के खिलाड़ी सीजन का थीम 'डर का नया दौर' था, जिसमें शो के पुराने कंटेस्टेंट्स और नए कंटेस्टेंट्स के बीच मुकाबला था। इस शो की शुरुआत अगस्त में हुई थी और शो के होस्ट रोहित शेट्टी थे। शो में दिखाए जाने वाले हर स्टंट यूरोप में हुए थे। इस सीजन हिस्सा लेने वाले हर व्यक्ति को खास तोहफा मिला है। जहां एक तरफ विनर अविनाश को ट्रॉफी, 20 लाख रुपये और कार मिली, वहीं दूसरी तरफ सभी कंटेस्टेंट्स को एक बाइक गिफ्ट की गई।
यह भी पढ़ें: जाह्नवी कपूर-जूनियर NTR के AI वीडियो पर बवाल क्यों मचा है?
जीतने के बाद क्या बोले अविनाश मिश्रा?
खतरों के खिलाड़ी 15 के विनर बनने के बाद अविनाश मिश्रा बेहद खुश थे। उन्होंने जीत के बाद शो में अपनी जर्नी को लेकर खास बातें बताईं। उन्होंने शो जीतने के बाद कहा कि यह शो दूसरों को साबित करने से ज्यादा, खुद को पहचानने का शो था। इसके साथ ही अविनाश ने कहा कि जब उन्होंने शो में हिस्सा लेने के बारे में सोचा था, तभी उन्होंने सोच लिया था कि इस शो के जरिए वह खुद को साबित करेंगे। इसके बाद जब उन्होंने शो किया, तब उन्होंने समझा कि उन्हें खुद को ही साबित करना था। इसके साथ ही अविनाश ने बताया कि यह शो उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि इस शो के जरिए लोग उनकी खूबियां जान पाएंगे।
इसके बाद अविनाश ने कहा कि इस शो में सारा खेल दिमाग का है। व्यक्ति शारीरिक रूप से खुद को तैयार कर सकता है, लेकिन जब डरावना स्टंट सामने खड़ा होता है, तब सभी को डर लगता है। उस दौरान व्यक्ति को फैसला लेना पड़ता है।
यह भी पढ़ें: पैसा वसूल या उम्मीदों पर पानी, 'दृश्यम 3' पर क्या कह रहे लोग?
अविनाश का ऐक्टिंग करियर
अविनाश मिश्रा एक्टर बनने से पहले एक डीजे के तौर पर काम करते थे। उन्होंने 2016 में 'सेठजी' सीरियल में काम करके अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद अविनाश 2017 में 'इश्कबाज' सीरियल में नजर आए थे। हालांकि, अब तक वह टेलीविजन पर कुछ खास पहचान नहीं बना पाए थे। 2018 में 'मरियम खान - रिपोर्टिंग लाइव' सीरियल में अविनाश ने शानदार एक्टिंग की थी, जहां से अविनाश अपनी खास पहचान बना पाए। इसके बाद अविनाश 'नागिन' शो में नजर आए। 2024 में अविनाश ने 'बिग बॉस 18' में हिस्सा लिया था। हालांकि, वह बिग बॉस की ट्रॉफी नहीं जीत पाए थे।
