आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की स्पाई कॉमेडी फिल्म 'उड़ता तीर' सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म का निर्देशन अमर कौशिक ने किया है। यह एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है जिसमें कॉमेडी का तड़का लगाया गया है। इस फिल्म में आयुष्मान अपनी असली पहचान भूल जाते हैं और यहीं सबसे बड़ा ट्विस्ट है। यह फिल्म हर उम्र के लोगों को पसंद आएगी। अगर आप भी इस फिल्म को देखने का प्लान बना रहे हैं तो पहले दर्शकों का रिव्यू जान लें।
आयुष्मान ने फिल्म में विक्रांत नाम का किरदार निभाया है जो खुद को भारतीय एजेंसी CTS का अधिकारी समझता है लेकिन असल में वह पाकिस्तानी एजेंट बिलाल है जिसकी एक हादसे में याददाशत चली जाती है। वह पाकिस्तानी एजेंट को मारने लगता है। इस वजह से उसके अपने ही लोग उसके पीछे पड़ जाते हैं। शुरुआत में कहानी थोड़ी सी बोरिंग लगती है लेकिन धीरे-धीरे मजा आने लगाता है। फिल्म में पंच लाइन्स कमाल के हैं जो आपको हंसने पर मजबूर कर देते हैं। इस फिल्म को लेकर दर्शक लगातार रिव्यू दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'दूसरा' थिएटर्स में रिलीज, दिल्ली HC से सौरव गांगुली को झटका, क्या है विवाद?
दर्शकों को कैसी लगी फिल्म?
एक व्यक्ति ने लिखा, 'उड़ता तीर की कहानी एकदम फ्रेश है। आइडिया बहुत ही दिलचस्प है। कॉमेडी बहुत ही साफ-सुथरी है। फिल्म कहीं से भी खींची नहीं लगती है। परिवार के साथ देख सकते हैं।' दूसरे व्यक्ति ने लिखा, 'आयुष्मान ने फिल्म में कमाल की ऐक्टिंग की हैं। उन्हें देखकर मजा आ गया।' तीसरे व्यक्ति ने लिखा, 'आयुष्मान से ज्यादा अच्छा काम मुकुल देव ने किया है। मुकुल देव को देखना मजेदार था।' चौथे व्यक्ति ने लिखा, 'सारा अली खान यामिनी के रोल में अच्छी लग रही है। दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी कमाल की है।' हालांकि कुछ लोगों ने फिल्म को नेगेटिव रिव्यू भी दिए हैं।
'उड़ता तीर' एक फैमिली एंटरटेनमेंट मूवी है जो आपको आखिरी तक बांधे रखती है। अगर आप कुछ लाइट और फनी देखना चाहते हैं तो यह फिल्म बिल्कुल परफेक्ट है। आप इसे अपने परिवार और दोस्तों के साथ एन्जॉय कर सकते हैं।
