बॉलीवुड एक्टर और बिग बॉस 20 के होस्ट सलमान खान ने सोशल मीडिया पर बनाए जा रहे फेक AI वीडियो को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि AI की मदद से किसी की आवाज या वीडियो को बदलकर उसे गलत तरीके से दिखाना सही नहीं है। सलमान ने बताया कि उनका भी AI से बनाया गया वीडियो सामने आ चुका है। सलमान ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
सलमान ने यह बात 27 सितंबर को बिग बॉस 20 के नए वीकेंड का वार एपिसोड में कही। सलमान सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और लोगों के लुक पर किए जाने वाले कमेंट को लेकर बात कर रहे थे। इसी दौरान सलमान ने AI से बनाए जा रहे फेक वीडियो और बदली हुई आवाज का जिक्र किया। सलमान ने कहा कि AI का गलत इस्तेमाल गंभीर मामला है और जो लोग जानते हुए ऐसे फेक वीडियो बनाते हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे फेक वीडियो को रोकने के लिए कानून होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'स्ट्रीट फाइटर' का ट्रेलर खास क्यों, देखते-देखते कैसे खेल सकते हैं गेम?
क्या बोले सलमान खान?
सलमान ने कहा कि कई बार लोग AI से किसी की आवाज या वीडियो बदलकर उसे गलत तरीके से पेश करते हैं। इसके बाद कुछ लोग बिना सच्चाई जाने उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर देते हैं। इससे उस व्यक्ति के बारे में गलत जानकारी फैल सकती है। सलमान ने कहा कि जो लोग जानते हुए ऐसा करते हैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
सलमान ने कहा कि जब तक ऐसे लोगों में से कुछ के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तब तक इस तरह के वीडियो बनना बंद नहीं होंगे। सलमान ने सोशल मीडिया पर इसके लिए कानून बनाने की बात भी कही। सलमान ने कहा कि AI से बने वीडियो को पहचानना भी हर किसी के लिए आसान नहीं है। इसलिए आम लोगों को भी परेशानी हो सकती है। सलमान ने कहा कि सेलिब्रिटी साइबर सेल की मदद लेकर फेक वीडियो बनाने वाले का पता लगा सकते हैं लेकिन आम लोगों के लिए ऐसा करना आसान नहीं होता। अगर किसी आम व्यक्ति का फेक वीडियो बनाया जाता है तो उसका असर उसके परिवार पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: ऑस्कर 2027 के लिए भारत ने चुनी मराठी फिल्म ‘गोंधल’, जानिए फिल्म में क्या है खास
पैपराजी पर पहले भी भड़के थे सलमान
सलमान खान इससे पहले पैपराजी के फोटो लेने के तरीके को लेकर भी नाराजगी जता चुके हैं। बिग बॉस 20 के ही पुराने वीकेंड का वार में उन्होंने उन पैपराजी पर बात की थी जो एक्ट्रसेस के पीछे से तस्वीरें लेते हैं या उनकी बॉडी के कुछ हिस्सों पर कैमरा फोकस करते हैं। उन्होंने कहा था कि इस तरह की तस्वीरें लेना सही नहीं है।
सलमान ने इस दौरान सई मांजरेकर और नेहा धूपिया का भी जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि महिलाओं को इस तरह की तस्वीरों से परेशानी हो सकती है। उन्होंने ऐसे फोटो लेने वाले पैपराजी के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही थी। यह मामला भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था।
सलमान ने बिग बॉस 20 में इससे पहले ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग को लेकर भी बात की थी। उन्होंने कहा था कि किसी के लुक, वजन, उम्र या शरीर को लेकर मजाक बनाना सही नहीं है। उनका कहना था कि सोशल मीडिया पर किसी के बारे में कुछ भी लिखने या बनाने से पहले यह सोचना चाहिए कि उसका असर उस व्यक्ति और उसके परिवार पर क्या हो सकता है।
