इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवॉर्ड्स 2026 के विजेताओं का ऐलान हो गया है। इस बार अवॉर्ड्स की लिस्ट में सबसे ज्यादा बार आदित्य धर की फिल्म धुरंधर रही। इस फिल्म ने एक-दो नहीं, बल्कि कुल 12 अवॉर्ड अपने नाम किए। इसमें बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट एक्टर जैसे बड़े पुरस्कार शामिल हैं। इस फिल्म के एक्टर रणवीर सिंह को धुरंधर में एक्टिंग के लिए बेस्ट एक्टर चुना गया है।
इस फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर को फिल्म बनाने के लिए खूब तारीफें तो मिली ही थीं लेकिन अब उन्हें IIFA 2026 में बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड भी मिल गया है। वहीं, बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड 'सैयारा' फिल्म की अनीत पड्डा को मिला है। धुरंधर के साथ-साथ सैयारा फिल्म भी इस साल अवॉर्ड की लिस्ट में टॉप पर रही।
यह भी पढ़ें: 'शरीयत में यह नाजायज है, हराम है', सारा अली खान के केदारनाथ जाने पर बोले मौलाना
IIFA में धुरंधर का कमाल
धुरंधर फिल्म के दूसरे कलाकारों को भी उनके काम के लिए सम्मानित किया गया है। संजय दत्त को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और अक्षय खन्ना को नेगेटिव रोल में शानदार प्रदर्शन के लिए अवॉर्ड मिला। इन दोनों की एक्टिंग की खूब चर्चा हुई थी। इसके अलावा फिल्म के लिए शाश्वत सचदेव को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन, विकास नौलखा को बेस्ट सिनेमैटोग्राफी और शिवकुमार वी. पणिकर को बेस्ट एडिटिंग का पुरस्कार दिया गया।
आदित्य धर को फिल्म की ओरिजिनल स्टोरी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स के लिए भी सम्मान मिला है। वहीं, बिश्वदीप चटर्जी को बेस्ट साउंड डिजाइन के लिए चुना गया। इन अवॉर्ड्स की घोषणा के बाद साफ है कि धुरंधर फिल्म IIFA 2026 में धुरंधर बन गई है।
सैयारा का जलवा
दूसरी तरफ, सैयारा फिल्म ने एक्टिंग और म्यूजिक की कैटेगरी में कई अहम अवॉर्ड जीते हैं। इस फिल्म की एक्ट्रेस अनीत पड्डा को लीड रोल में बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है। उनके को-स्टार अहान पांडे को बेस्ट मेल डेब्यू के सम्मान से नवाजा गया है। फिल्म के टाइटल ट्रैक के लिए इरशाद कामिल को बेस्ट लिरिक्स का पुरस्कार मिला, जबकि फहीम अब्दुल्ला को बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर चुना गया। इसी गाने के रीप्राइज फीमेल वर्जन के लिए श्रेया घोषाल को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला। वहीं, 'आजााद' से डेब्यू करने वाली राशा थडानी को बेस्ट फीमेल डेब्यू का पुरस्कार मिला है।
टेक्निकल कैटेगरी में विजेता
टेक्निकल पुरस्कारों की बात करें तो विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। इस फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर के लिए एआर रहमान को सम्मान मिला, जबकि आलोक डे को बेस्ट साउंड मिक्सिंग का पुरस्कार दिया गया। फिल्म ने बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स का अवॉर्ड भी अपने नाम किया।
वहीं, 'होमबाउंड' को बेस्ट अडैप्टेड स्टोरी के लिए चुना गया। अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की कैटेगरी में जेम्स कैमरून की 'अवतार: फायर एंड ऐश' को बेस्ट इंटरनेशनल फिल्म का पुरस्कार मिला। इसके अलावा 'वॉर 2' के गाने 'आवन जावन' की कोरियोग्राफी के लिए बॉस्को लेस्ली मार्टिस को सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें: ‘वह नॉर्मल नहीं, उनको मानसिक इलाज की जरूरत’, नसीरुद्दीन शाह पर भड़के अशोक पंडित
डिजिटल अवॉर्ड्स
IIFA के डिजिटल अवॉर्ड्स में भी कई चर्चित नामों ने बाजी मारी है। शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट की सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' को बेस्ट वेब सीरीज चुना गया। सीरीज के निर्देशन के लिए आर्यन खान को बेस्ट डायरेक्टर का पुरस्कार मिला। इसमें सहायक भूमिका के लिए अन्या सिंह और राघव जुयाल को सम्मानित किया गया। वहीं, 'पाताल लोक 2' के लिए जयदीप अहलावत को बेस्ट एक्टर और तिलोत्तमा शोम को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। डिजिटल फिल्म कैटेगरी में 'बारामूला' को बेस्ट पिक्चर और बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी का सम्मान मिला। 'स्टोलन' के लिए अभिषेक बनर्जी को बेस्ट एक्टर और 'मिसेज' के लिए सान्या मल्होत्रा को बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया। डॉक्यूसीरीज कैटेगरी में 'द रोशन्स' को पुरस्कार मिला।
