डायरेक्टर अभिनय देव की फिल्म 'दूसरा: इंडियाज अदर फ्रीडम स्ट्रगल' सिनेमाघरों में आज रिलीज हो गई। इस फिल्म को लेकर काफी विवाद हो रहा था। क्रिकेटर सौरव गांगुली ने 22 अक्टूबर को दिल्ली हाई कोर्ट में इस फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। सौरव और प्रोडक्शन हाउस लव फिल्म्स एलएलपी का आरोप था कि फिल्म में गांगुली की पहचान और क्रिकेट करियर से जुड़े एतिहासिक पलों को बिना परमिशन के इस्तेमाल किया गया है।

 

फिल्म के ट्रेलर में साल 2002 का ऐतिहासिक पल भी दिखाया गया है जब लॉर्ड्स के मैदान में सौरव ने शर्ट उतारकर टीम इंडिया के इंग्लैंड के खिलाफ जीत का जश्न मनाया था। ये पल उनके करियर के यादगार पलों में गिना जाता है।

 

यह भी पढ़ें: दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट रद्द? पुलिस ने नहीं दी इजाजत

सौरव ने फिल्म के रिलीज पर रोक की मांग की थी

सौरव ने अपनी याचिका में कहा कि फिल्म के प्रमोशन के लिए उनकी पहचान और लोकप्रियता का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके पीछे विवाद का एक और कारण है। सौरव की बोयपिक 'दादा' रिलीज होने वाली है। लव फिल्म्स का कहना है कि सौरव गांगुली ने 5 अगस्त 2021 को एक समझौते के तहत प्रोडक्शन को उनके क्रिकेट से जुड़ी फिल्म बनाने के एक्सक्लूसिव राइट्स दिए थे। अगर अन्य फिल्मों में उनके करियर से जुड़े अहम पलों का इस्तेमाल किया जाएगा तो फिल्म के बिजनेस पर इसका असर दिखेगा। इस फिल्म में राजकुमार राव लीड रोल प्ले कर रहे हैं।

'दूसरा' के मेकर्स ने क्या कहा?

वहीं 'दूसरा' के मेकर्स का कहना है कि यह फिल्म सौरव गांगुली के बारे में नहीं है। फिल्म में जिन भी फुटेज का इस्तेमाल किया गया है। उसकी परमिशन बीसीसीआई से ली गई है। इस फिल्म में राजस्थान की एक लड़की तारा की कहानी को दिखाया गया है जो परिवार और समाज की बंदिशों को तोड़कर अपनी पहचान बनाने की कोशिश करती है। जब तारा टीवी पर सौरव गांगुली को 2002 में नेटवेस्ट फाइनल में जीत के बाद खुलकर जश्न मनाते देखती है तो उसमें अपने लिए आवाज उठाने की हिम्मत आती है। मेकर्स ने कोर्ट में कहा कि फिल्म रिलीज की पूरी तैयारी हो गई है और 100 से ज्यादा सिनेमाघरों में बुकिंग हो चुकी हैं। 

 

जस्टिस दिनेश भट्ट की पीठ ने कहा कि इस समय फिल्म पर रोक लगाने से मेकर्स को ज्यादा नुकसान हो सकता है। हालांकि कोर्ट ने सौरव गांगुली की पर्सनैलिटी राइट्स की याचिका को गलत नहीं माना है। मामले की अगली सुनवाई आज यानी 23 अक्टूबर को होनी है।

 

यह भी पढ़ें: 'मेरी जुबान फिसल गई थी..', रणबीर कपूर ने कोलकाता में दिए अपने बयान पर मांगी माफी

 

'दूसरा' की कहानी

फिल्म में तारा नाम की लड़की की कहानी को दिखाया गया है जो समाज और परिवार की सोच के आगे खुद को बेबस और कमजोर मानती है लेकिन क्रिकेटर सौरव गांगुली को देखने के बाद उसे अपने लिए आवाज उठाने की हिम्मत मिलती है। वह अपनी आजादी के लिए समाज और परिवार की बंदिशों को तोड़ने का फैसला लेती है। इस फिल्म में प्लबिता बोरठाकुर ने मुख्य किरदार निभाया है।