मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर का आज यानी गुरुवार तड़के निधन हो गया। उनका असली नाम विश्वनाथ गजानन पाटेकर था और वह मराठी से लेकर हिंदी फिल्मों में अपने किरदारों, मोनोलॉग और डायलॉग के लिए मशहूर हुए। 75 साल के हो चुके नाना पाटेकर की कई फिल्मों के सीन अब नई पीढ़ी के लिए Memes टेंपलेट बन गए हैं और इंटरनेट की दुनिया पर छाए हुए हैं। इसकी बड़ी वजह है नाना पाटेकर का अलग अंदाज, डायलॉग डिलीवरी पर शानदार पकड़ और हर रोल में फिट हो जाने की कला। नाना पाटेकर को लोगों ने 'क्रांतिवीर' में एक उत्तेजित युवा के रूप में देखा तो फिल्म 'राजनीति' में बेहद शांत और सुलझे हुए राजनेता का किरदार निभाते भी देखा। यही नाना पाटेकर फिल्म 'वेलकम' में उदय शेट्टी बने तो सबसे ज्यादा Memes देने वाले कलाकार बन गए।
अलग रोल को उसी के हिसाब से निभा देने, उसके हिसाब से खुद को ढाल लेने और रोल के हिसाब से अभिनय और डायलॉग देने वाले नाना पाटेकर कई बार अपने अभिनय के साथ-साथ बेहतरीन स्क्रीन प्रजेंस के लिए भी मशहूर हुए। शायद यही वजह रही कि सीक्वल के दौर में जब फिल्मों के सीक्वल में नए हीरो लिए जाने लगे तब भी नाना पाटेकर ने ही 2004 में आई अपनी फिल्म 'अब तक छप्पन' के सीक्वल में काम किया। यह सीक्वल साल 2015 में 'अब तक छप्पन 2' नाम से आया और नाना पाटेकर ही लीड रोल में दिखे। जहां नाना पाटेकर की उम्र के और उनसे छोटे कई ऐक्टर घर बैठ गए, वहीं नाना पाटेकर ने आखिरी वक्त तक शानदार काम किया।
यह भी पढ़ें: 'नाना चले गए', रितेश देशमुख हुए निशब्द, सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि
साल 2026 में ही नाना पाटेकर की वेब सीरीज 'संकल्प', फिल्म 'सूबेदार', 'ओ रोमियो' और 'डिजिटल अरेस्ट' रिलीज हुईं। आने वाले समय में भी कई फिल्में ऐसी हैं जिनमें नाना पाटेकर को देखा जा सकेगा। इनमें से 'द कन्फेशन', 'कुकु की कुंडली' और 'एटेहा' का काम पूरा भी हो चुका है। फिल्म 'वेदांतम' की शूटिंग चल ही रही थी लेकिन नाना पाटेकर के अचानक निधन ने अब एक खाली जगह बना दी है।
मोनोलॉग के लिए मशहूर थे नाना पाटेकर
फिल्म 'क्रांतिवीर' में नाना पाटेकर का मोनोलॉग बेहद मशहूर हुआ। फिल्म में उनके किरदार को फांसी की सजा होने वाली थी और वह फांसी से ठीक पहले जनता को ललकाते हुए कहता है, 'अंधेरे में रहने की आदत पड़ी है तुमको, गुलामी करने की आदत है। पहले राजा महाराजाओं की गुलामी की, फिर अंग्रेजों की और अब चंद गद्दा नेताओं और गुंडों की। धर्म के नाम पर ये तुम्हें बहकाते हैं। तुम एक-दूसरे के गले काट रहे हो। काटो। ऊपर वाला भी तुम्हें देखता होगा तो उसे शर्म आती होगी। सोचता होगा कि मैंने सबसे खूबसूरत चीज बनाई थी इंसान। नीचे देखा तो सब कीड़े बन गए। कीड़े रेंगते रहो। रेंगते रहो, सड़ते रहो और मरो। आओ और मरो। आए और गए, खेल खत्म। क्यों जिए मालूम नहीं, क्यों मरे मालूम नहीं।'
ऐसा ही उनका एक मोनोलॉग कई मौकों पर शेयर होता है। इसमें वह कहते हैं, 'मैं समझता हूं कि आर्मी ट्रेनिंग सबके लिए जरूरी होनी चाहिए। कम से कम जिंदगी का एक साल देश के लिए देना चाहिए, देना होगा। मुफ्त में मिली आजादी की वजह से देश को बहुत सस्ता समझ रहे हैं आज के लोग। सीमा पर तो हमें मालूम है कि गोली किस पर चलानी है। यहां तो जिधर भी देखा उधर दुश्मन हैं। दुश्मन को फिर दुश्मन है। फर्क सिर्फ इतना है कि एक सीमा के उस पार है और एक सीमा के इस पार। इस पार का दुश्मन कहीं ज्यादा खतरनाक है जो देश को दीमक की तरह चाटता जा रहा है। खोखला बनाता जा रहा है। फिर इस दुश्मन से लड़ना हमारा कर्तव्य या हक नहीं है?'
यह भी पढ़ें: 'उनके किरदारों को पीढ़ियां याद रखेंगी..', नाना को पीएम मोदी ने किया याद
जबरदस्त डायलॉग डिलीवरी ने दी अलग पहचान
फिल्मी कलाकारों में नाना पाटेकर की अलग पहचान उनकी डायलॉग डिलीवरी रही। उनका नेचुरल अंदाज, बोलने की रफ्तार और बोलने का लहजा एकदम अलग था और धीरे-धीरे यह लोगों को पसंद आता गया। यही वजह है कि उनके डायलॉग आज भी पसंद किए जाते हैं। वीडियो क्रिएटर्स और Meme बनाने वाले क्रिएटर्स भी उनके क्लिप्स का इस्तेमाल करते हैं।
उनके कुछ मशहूर डायलॉग हैं:-
'एक मच्छर साला आदमी को हिजड़ा बना देता है'
फिल्म- यशवंत
'भगवान का दिया सबकुछ है, दौलत है शोहरत है, इज्जत है'
फिल्म-वेलकम
'अपना तो उसूल है, पहले लात, फिर बात, उसके बाद मुलाकात'
फिल्म- तिरंगा
'ये मुसलमान का खून, ये हिंदू का खून। बता इस में मुसलमान का कौनसा, हिंदू का कौनसा'
फिल्म-क्रांतिवीर
'ये शरीफ लोग बहुत बदमाश होते हैं, शराफत की जुबान नहीं समझते हैं'
फिल्म-वेलकम
'कौनसा कानून, कैसा कानून। यह कानून तो चंद मुजरिमों की रखैल बन बैठा है'
फिल्म- तिरंगा
Memes के किंग बन गए नाना पाटेकर
भले ही नाना पाटेकर 75 साल के हो गए थे लेकिन उनकी कई फिल्मों के सीन Meme टेंपलेट के रूप में आज भी इस्तेमाल किए जाते हैं। फिल्म 'वेलकम' में नाना पाटेकर के हंसने का छोटा सा क्लिप बहुत सारे वायरल वीडियो में इस्तेमाल किया जाता है। इतना ही नहीं, इसी फिल्म के 'कंट्रोल, उदय कंट्रोल', 'कहां बैठा हूं किससे बात कर रहा हूं' और 'मार भी तो नहीं सकता, प्यार जो करता है मुझसे' जैसे सीन इंटरनेट की दुनिया पर हमेशा के लिए छा गए हैं।
यह भी पढ़ें: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन, गोवा के घर में मिले थे बेहोश
नाना पाटेकर की मशहूर हंसी
मेरा अपना दर्द है भाई...
नाना पाटेकर के मशहूर किरदार
इंस्पेक्टर शिवाजीराव वाघले (तिरंगा)
प्रताप नारायण तिलक (क्रांतिवीर)
उदय शेट्टी (वेलकम)
बृज गोपाल (राजनीति)
इंस्पेक्टर साधु आगाशे (अब तक छप्पन)
तबरेज आलम (अपहरण)
