सोशल मीडिया पर इन दिनों '370 रुपये की बिरयानी' का एक वीडियो चर्चा में है। इस वीडियो में कॉमेडियन प्रणीत मोरे और शो में आए एक लड़के के बीच की बातचीत ने इंटरनेट पर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। अब इस पूरे मामले में कॉमेडियन सुनील पाल की भी एंट्री हो गई है। सुनील पाल ने एक वीडियो जारी कर प्रणीत मोरे की आलोचना की है और उन्हें 'कॉमेडी का कलंक' और 'समाज का आतंकवादी' कहा है। इस मामले के सामने आने के बाद प्रणीत मोरे, शो में आए लड़के और एक महिला डॉक्टर पर पुलिस केस दर्ज हो गया है वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस पर कड़ा एक्शन लिया है।
कॉमेडियन सुनील पाल ने एक वीडियो शेयर कर प्रणीत मोरे पर नाराजगी जताई। हालांकि यह वीडियो अब डिलीट हो चुका है लेकिन इसमें सुनील पाल ने कहा था कि आजकल कुछ लड़के-लड़कियां हाथ में माइक लेकर कॉमेडी के नाम पर दर्शकों के सामने गलत चीजें परोस रहे हैं। उन्होंने कहा, 'इससे इन लोगों की कमाई तो हो जाती है और इनका शौक भी पूरा हो जाता है लेकिन यह हमारे देश के युवाओं को प्रभावित कर रहा है।' सुनील पाल ने ऐसे कॉमेडियन्स को 'समाज का आतंकवादी' कहा और कहा कि जो चीज समाज को नुकसान पहुंचाए उसकी समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: कभी जबरन किस, कभी बदसलूकी, एक्टिंग के लिए सब झेला, प्रिया बापट का छलका दर्द
क्लब मालिकों से सख्त नियम की मांग
सुनील पाल ने इस विवाद में मशहूर कॉमेडियन समय रैना का नाम भी लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि आज के समय में हमारे जैसे पुराने कॉमेडियन परेशान हैं, जबकि ऐसे लोगों को 'बिग बॉस' और 'कौन बनेगा करोड़पति' जैसे ब़ड़े टीवी शोज में क्यों बुलाया जाता है और इन्हें इतना बढ़ावा क्यों क्यों दिया जा रहा है? इसके साथ ही सुनील पास ने मांग की है कि जो क्लब और वैन्यू ऐसे कॉमेडी शोज कराते हैं, उनके मालिकों को सख्त नियम बनाने चाहिए ताकि मंच पर ऐसे बातचीत या गलत विचारों को बढ़ावा न मिले।
क्या है यह 370 रुपये की बिरयानी का पूरा मामला?
गुरुग्राम में प्रणीत मोरे का एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो चल रहा था। शो के दौरान प्रणीत स्टेज से सामने बैठे हिमांशु जांगड़ा नाम के एक लड़के से बातचीत कर रहे थे। हिमांशु ने अपनी डेटिंग लाइफ का एक किस्सा सुनाया। उसने दावा किया कि उसने एक लड़की के खाने यानी बिरयानी पर 370 रुपये खर्च किए थे और इसके बदले में वह उस लड़की से शारीरिक संबंध या नजदीकी की उम्मीद कर रहा था। इस बातचीत का वीडियो जब इंटरनेट पर आया तो लोगों ने इसकी खूब आलोचना की।
महिला डॉक्टर सेजल पवार का दूसरा विवाद
इसी शो का एक और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में डॉक्टर सेजल पवार नाम की एक महिला डॉक्टर शो देखने आई थीं। उन्होंने एक मृत व्यक्ति के अंगों को लेकर मजाक किया। इस मजाक पर सोशल मीडिया पर लोगों ने आपत्ति जताई। जब विवाद बहुत ज़्यादा बढ़ गया डॉक्टर सेजल पवार ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर सबसे माफी भी मांगी।
यह भी पढ़ें: 'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर के बोल्ड सीन हटाए जाएंगे? बुची बाबू ने माफी मांग ली
राष्ट्रीय महिला आयोग का एक्शन
यह मामला अब पुलिस और कानून तक पहुंच गया है। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इंटरनेट पर गंदगी फैलाने और गलत बातें करने के आरोप में कॉमेडियन प्रणीत मोरे, दर्शक हिमांशु और डॉक्टर सेजल पवार पर केस दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले पर बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने प्रणीत मोरे और हिमांशु को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है। आयोग का कहना है कि इन लोगों ने शो में एक लड़की के साथ गलत व्यवहार करने की बात को बढ़ावा दिया है।
