दिवाली के खास मौके पर करीना कपूर खान ने जो पेंडेंट पहना, अब उसपर बवाल मच गया है। बताया जा रहा है कि यह बेशकीमती पेंडेंट लगभग 200 साल पुराना है, इसपर पवित्र कुरान की आयतें लिखी हैं। इसी को लेकर कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने कानूनी नोटिस भेज दिया है। अब्बास हफीज ने इस पेंडेंट को फैशन एक्सेसरी के तौर पर पहनने पर आपत्ति जताई है।अब्बास हफीज का कहना है कि यह नोटिस उन्होंने कांग्रेस नेता के तौर पर नहीं बल्कि मुस्लिम समुदाय से जुड़े होने के नाते भेजा है।

 

अब्बास हफीज ने बताया कि यह गहना भोपाल की बेगमों की प्रार्थनाओं से जुड़ा है और इसे फैशन एक्सेसरी की तरह इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। करीना कपूर की ओर से इस पेंडेंट को लेकर भेजे गए कानूनी नोटिस पर अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। 

 

यह भी पढ़ें: गठबंधन करके फिसड्डी ही रहे हैं ओवैसी, UP में नए एलान से पहले देखिए ट्रैक रिकॉर्ड

क्या है पूरा मामला? 

दरअसल, दिवाली के मौके पर करीना कपूर ने एक खास पारंपरिक लुक अपनाया था। उन्होंने डिजाइनर पुनीत बलाना का सिल्वर कफ्तान और मैचिंग पगड़ी पहनी थी। इसके साथ उन्होंने भोपाल के पूर्व शाही परिवार से जुड़ा एक पुराना गहना भी पहना था। करीना कपूर की स्टाइलिस्ट और फिल्म निर्माता रिया कपूर ने इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीरें शेयर करते हुए इस गहने के बारे में जानकारी दी थी। 

रिया कपूर के मुताबिक, करीना ने नवाब भोपाल से जुड़ी करीब 200 साल पुरानी कलगी (Kalgi) पहनी थी। इसके साथ भोपाल की बेगम का करीब 30 कैरेट का पन्ना भी पहना था, जिसपर कुरान की आयतुल कुर्सी खुदी हुई है। उन्होंने बताया कि ये दोनों गहने भोपाल के शाही परिवार की विरासत हैं और सैफ अली खान के परिवार के जरिए करीना तक पहुंचे हैं।  

 

इसपर कांग्रेस लीडर और नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अब्बास हफीज ने लीगल नोटिस भेजा है। 11 नवंबर का यह नोटिस सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को भी भेजा गया था। इस नोटिस में सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में पवित्र कुरान की लिखावट को दिखाने के तरीके पर आपत्ति जताई गई है। 

 

इसमें उनके कंट्रोल वाले अकाउंट से तस्वीरें, वीडियो और पोस्ट हटाने, सबके सामने माफी मांगने और यह भरोसा दिलाने की मांग की गई है कि लिखावट को इस तरह से नहीं दिखाया जाएगा जिससे उसकी धार्मिक पवित्रता को खतरा हो।  

करीना कपूर तक कैसे पहुंचा, पारिवारिक कनेक्शन समझिए 

यह गहना सैफ अली खान के परिवार से आया है, उनकी दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के आखिरी शासक नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी थीं। उनकी शादी पटौदी के नवाब इफ्तिखार अली खान से हुई थी। उनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी थे, जिन्हें टाइगर पटौदी के नाम से भी जाना जाता है। मंसूर अली खान पटौदी, सैफ अली खान के पिता हैं। 

क्या है आयतुल कुर्सी, जिसपर मचा बवाल?

आयतुल कुर्सी कुरान की दूसरी सूरह यानी सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है। इस्लाम में इसे बेहद महत्वपूर्ण और पवित्र माना जाता है। इसमें अल्लाह की शक्ति, महानता और सर्वोच्च सत्ता का वर्णन किया गया है। बड़ी संख्या में मुस्लिम इसे नियमित रूप से पढ़ते हैं। इसी धार्मिक महत्व के कारण इस आयत को गहने पर लिखे जाने और फिर उसे फैशन के तौर पर प्रदर्शित करने को लेकर आपत्ति जताई गई है। 

अब्बास हफीज ने क्यों भेजा नोटिस

अब्बास हफीज को खास तौर पर कुरान लिखे पेंडेंट को दिखाने पर एतराज है, न कि करीना के पारंपरिक कपड़े या रॉयल ज्वेलरी के दूसरे पीस पहनने पर। हफीज ने यह भी साफ किया कि यह नोटिस पूरी तरह से उनकी अपनी हैसियत से जारी किया गया है, पार्टी की तरफ से नहीं। उन्होंने मांग की कि सोशल मीडिया से पोस्ट हटा दिए जाएं, और पवित्र कुरान की लिखावट को इस तरह से पेश न किया जाए जिससे उसकी धार्मिक पवित्रता से समझौता हो।  

 

अब्बास हफीज का कहना है कि पन्ने पर लिखी आयतुल कुर्सी इस्लाम में बेहद पवित्र मानी जाती है। यह केवल सजावट या फैशन की वस्तु नहीं, बल्कि धार्मिक महत्व रखने वाली आयत है। उनके कहना है कि इस तरह की धार्मिक आयत को फैशन एक्सेसरी की तरह प्रदर्शित करना उसकी धार्मिक पवित्रता के अनुरूप नहीं है।

 

इससे मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। हफीज ने यह भी स्पष्ट किया है कि उन्हें करीना के कपड़ों, निजी पसंद या गहने पहनने की आजादी से कोई आपत्ति नहीं है। उनकी शिकायत केवल धार्मिक आयत वाले पेंडेंट को प्रदर्शित करने के तरीके को लेकर है। 

 

कांग्रेस नेता की ओर से भेजे गए नोटिस में मांग की गई है कि करीना कपूर और रिया कपूर अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पेंडेंट वाली तस्वीरें और वीडियो हटाएं। मुस्लिम समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। भविष्य में पवित्र धार्मिक आयतों को इस तरह प्रदर्शित न करने का आश्वासन दें।

 

यह नोटिस अब्बास हफीज के वकील मोहम्मद जफर के जरिए भेजा गया है। हफीज ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने यह कदम कांग्रेस पार्टी की ओर से नहीं, बल्कि अपनी व्यक्तिगत हैसियत से उठाया है।