आजकल फैशन में पुराने समय के कई स्टाइल एक बार फिर नजर आ रहे हैं। पोल्का डॉट्स, पुराने डिजाइन वाले कपड़े, बूट्स, चौड़ी बेल्ट, बड़े झुमके और रंग-बिरंगी डिजाइन वाली कुर्तियां फिर से युवाओं के बीच पसंद की जा रही हैं। हालांकि Gen Z इन चीजों को बिल्कुल पुराने तरीके से नहीं पहन रहे हैं। वह पुराने फैशन को आज के कपड़े और अपनी पसंद के हिसाब से मिलाकर नया लुक बना रहे हैं। यही वजह है कि पुरानी चीजें भी अब बिल्कुल नए और मॉडर्न अंदाज में दिखाई दे रही हैं।

 

सोशल मीडिया पर भी 90s, Y2K और पुराने समय के फैशन से जुड़े लुक तेजी से दिख रहे हैं। Gen Z इन लुक्स को देखकर उन्हें वैसे ही अपनाने के बजाय जींस, शॉर्ट ड्रेस, जैकेट, स्पोर्ट्स शूज और अलग-अलग एक्सेसरीज के साथ जोड़ रही है। भारतीय फैशन की पुरानी चीजों को भी इसी तरह नए तरीके से पहना जा रहा है। यानी फैशन भले ही पुराना हो लेकिन उसे पहनने और स्टाइल करने का तरीका Gen Z का अपना है।

 

यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम का घेवर ट्रेंड क्या है, घर पर कैसे बनाएं? तरीका जान लीजिए

पुराने फैशन को ऐसे पहन रही Gen Z

पोल्का डॉट्स: पोल्का डॉट्स पुराने समय से फैशन का हिस्सा रहे हैं। अब Gen Z इन्हें सिर्फ पुराने डिजाइन वाली ड्रेस के साथ पहनने के बजाय जींस, जैकेट और बूट्स के साथ जोड़ रही है। पोल्का डॉट वाला टॉप हो या स्कर्ट इसे साधारण कपड़ों के साथ पहनकर पूरा लुक थोड़ा अलग बनाया जा रहा है। यानी प्रिंट पुराना है लेकिन उसके साथ पहने जाने वाले कपड़े आज के फैशन के हिसाब से हैं।

 

 

बूट्स: बूट्स भी पुराने फैशन का हिस्सा रहे हैं लेकिन अब इन्हें सिर्फ ठंड के मौसम या खास कपड़ों के साथ पहनने तक ही सीमित नहीं रखा जा रहा है। Gen Z इन्हें ढीली जींस, छोटी ड्रेस, स्कर्ट और यहां तक कि साधारण टी-शर्ट के साथ भी पहन रही है। कई लोग लंबे बूट्स को छोटी ड्रेस के साथ पहनते हैं तो कुछ जींस के साथ छोटे बूट्स पहनकर साधारण लुक को थोड़ा अलग बना रहे हैं।

 

 

पुराने प्रिंट वाले कपड़े: पुराने फूलों के डिजाइन, छोटे-छोटे प्रिंट और रंग-बिरंगे डिजाइन वाले कपड़े भी एक बार फिर पसंद किए जा रहे हैं। पहले लोग इन प्रिंट्स को ऊपर से नीचे तक एक जैसे डिजाइन वाले कपड़ों के साथ पहनते थे यानी पूरे लुक में ज्यादा बैलेंस नहीं रखा जाता था लेकिन आज की Gen Z ऐसा नहीं करती। वह पुराने प्रिंट को मॉडर्न कपड़ों के साथ मिलाकर पहनना पसंद करती है। जैसे पुराने प्रिंट वाली शर्ट को ढीली जींस के साथ पहना जाता है या प्रिंट वाली स्कर्ट के साथ साधारण टॉप रखा जाता है। इससे कपड़े का पुराना डिजाइन भी बना रहता है और पूरा लुक आज के फैशन जैसा लगता है।

 

चौड़ी बेल्ट: पुराने समय की चौड़ी बेल्ट भी अब अलग तरीके से पहनी जा रही है। इसे सिर्फ पैंट के साथ पहनने के बजाय बड़ी शर्ट, ढीली ड्रेस या लंबे टॉप के ऊपर भी पहना जा रहा है। इससे साधारण कपड़ों में भी कमर का हिस्सा उभरकर आता है और पूरा लुक थोड़ा स्टाइलिश दिखता है। पहले के समय में लोग बेल्ट को सिर्फ जींस में लगाने के लिए इस्तेमाल करते थे लेकिन अब ऐसा नहीं है बेल्ट को Gen Z बहुत तरीके से उपयोग में  ला रही है। 

 

यह भी पढ़ें: ऑफिस में दिनभर बैठे रहते हैं? 5 आसान एक्सरसाइज जो आपको रखेंगी फिट

सोशल मीडिया से बढ़ा ट्रेंड

पुराने फैशन को वापस लाने में सोशल मीडिया की भी बड़ी भूमिका है। इंस्टाग्राम, पिंटरेस्ट और दूसरे प्लेटफॉर्म पर पुराने समय के कपड़ों और फैशन से जुड़े लुक लगातार दिखाई देते हैं। Gen Z इन तस्वीरों और वीडियो से आइडिया लेकर अपने कपड़ों के साथ नए एक्सपीरियंस कर रही है। किसी को 90s का प्रिंट पसंद आता है तो कोई पुराने बूट्स को नए कपड़ों के साथ पहनता है। 

 

कोई पोल्का डॉट्स को जींस के साथ जोड़ता है तो कोई पुरानी कुर्ती को डेनिम के साथ पहनकर नया लुक बनाता है। सोशल मीडिया की वजह से ऐसे अलग-अलग तरीके जल्दी लोगों तक पहुंचते हैं और फिर दूसरे युवा भी उन्हें अपने तरीके से आजमाने लगते हैं। यानी Gen Z के लिए पुराना फैशन सिर्फ पुराने कपड़े पहनना नहीं है। वह पुराने फैशन की पसंदीदा चीजों को लेकर उनमें अपनी पसंद और आज के ट्रेंड को जोड़ रही है। फैशन भले ही पुराना है लेकिन उसे पहनने का तरीका Gen Z का अपना है।