आज के समय में कई महिलाएं पढ़ाई, करियर, शादी में देरी या कुछ मेडिकल कारणों की वजह से प्रेग्नेंसी की प्लानिंग देर से कर रही हैं। लेकिन, उम्र बढ़ने के साथ महिलाओं की प्रजनन क्षमता यानी फर्टिलिटी धीरे-धीरे कम होने लगती है। साथ ही एग्स की संख्या व गुणवत्ता भी प्रभावित होती है। इस स्थिति में भविष्य के लिए प्रजनन क्षमता को सुरक्षित रखने में एग फ्रीजिंग एक नया और बेहतर विकल्प बनकर उभरा है।  

 

हालांकि, एग फ्रीजिंग की प्रक्रिया हर महिला के लिए एक जैसी नहीं होती। इसलिए यह जान लेना जरूरी है कि एग फ्रीजिंग कब करानी चाहिए, कितने अंडे फ्रीज कराने चाहिए और इसके लिए कितने साइकल की जरूरत पड़ सकती है। इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉ. मारी ली ने इस बारे में विस्तार से जानकारी दी है।

फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉ. मारी ली की सलाह

इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉ. मारी ली ने लिखा:- एग फ्रीजिंग का फैसला लेना आमतौर उतना मुश्किल नहीं होता। सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि कितने अंडे फ्रीज कराने चाहिए, कितने साइकल की जरूरत पड़ेगी और इसकी शुरुआत कब करनी चाहिए। कुछ महिलाओं के लिए एक साइकल ही काफी होता है, जबकि कुछ को दो या उससे ज्यादा साइकल कराने पड़ सकते हैं। यह पूरी तरह महिला की उम्र, स्वास्थ्य और भविष्य में परिवार की योजना पर निर्भर करता है। ऐसी स्थिति में सही फर्टिलिटी विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहद जरूरी है। यह केवल एग फ्रीजिंग कराने या न कराने का फैसला नहीं है। सही जानकारी और सही योजना के साथ भविष्य के लिए बेहतर फैसला लेना जरूरी है।

डॉ. मारी ली बताती हैं कि आमतौर पर महिलाएं फर्टिलिटी एक्सपर्ट के पास जाने से पहले ही एग फ्रीज कराने का फैसला कर चुकी होती हैं। बगैर यह जाने कि कितने अंडे फ्रीज कराने चाहिए। उन्होंने यह बताया कि इसका फैसला उम्र, स्वास्थ्य और भविष्य में कितने बच्चे चाहती हैं, इन बातों को ध्यान में रखकर किया जाता है। 

कितने अंडे फ्रीज कराने चाहिए?

डॉ. मारी ली के मुताबिक, ज्यादातर महिलाएं फर्टिलिटी एक्सपर्ट के पास पहुंचने से पहले एग फ्रीज कराने का फैसला कर चुकी होती हैं। लेकिन उन्हें यह नहीं पता होता कि कितने अंडे फ्रीज कराने चाहिए। इसका फैसला उम्र, स्वास्थ्य और भविष्य में कितने बच्चे चाहती हैं, इन बातों को ध्यान में रखकर किया जाता है। आगे पढ़ें उम्र के हिसाब से कितने एग फ्रीज कराने पर कितनी संभावना होती है।

किस उम्र में कितने एग फ्रीज कराने पर कितनी संभावना?

35 साल से कम उम्र में

एक्सपर्ट के मुताबिक, इस उम्र में 10 एग फ्रीज कराने पर कम से कम एक बच्चा होने की संभावना 71% से 75% तक हो सकती है। क्योंकि, इस उम्र में अंडों की गुणवत्ता और संख्या दोनों बेहतर होती हैं। इस समय ज्यादातर महिलाओं को एक ही साइकल में पर्याप्त अंडे मिल जाते हैं। हालांकि, इससे भविष्य में गर्भधारण की पूरी गारंटी नहीं मिलती।

 

35 से 37 साल के बीच
इस उम्र में 10 अंडे फ्रीज कराने पर कम से कम एक बच्चा होने की संभावना 57% से 67% तक हो सकती है। यह महिला की ओवरी की क्षमता पर भी निर्भर करता है। इस उम्र में कुछ महिलाओं के लिए एक साइकल काफी होता है। वहीं कुछ महिलाओं को दूसरा साइकल भी कराना पड़ सकता है। यह सामान्य माना जाता है।

 

38 से 40 साल के बीच
यह उम्र का वह पड़ाव है, जब महिलाओं में अंडों की गुणवत्ता तेजी से कम होने लगती है। इस उम्र में 10 अंडे फ्रीज कराने पर कम से कम एक बच्चा होने की संभावना 34% से 51% तक हो सकती है। आमतौर पर इस उम्र में ज्यादातर महिलाओं को एक से ज्यादा साइकल की जरूरत पड़ती है।

 

41 साल या उससे ज्यादा की उम्र में

एक्सपर्ट के मुताबिक, इस उम्र में 10 अंडे फ्रीज कराने पर कम से कम एक बच्चा होने की संभावना 12% से 26% तक रह जाती है। डॉक्टर की सलाह है कि इस उम्र में फर्टिलिटी एक्सपर्ट से यह भी चर्चा करनी चाहिए कि एग फ्रीजिंग सही विकल्प है या किसी दूसरे विकल्प पर विचार करना बेहतर रहेगा।

क्या ज्यादा एग फ्रीज कराने से प्रेग्नेंसी तय हो जाती है? 

डॉ. मारी ली यह भी बताया कि ज्यादा अंडे फ्रीज करा लेने से यह तय नहीं हो जाता कि भविष्य में प्रेग्नेंसी जरूर होगी। उन्होंने लिखा अगर आपको अपनी उम्र, सेहत और फर्टिलिटी से जुड़ी सही जानकारी हो, तो आप भविष्य की बेहतर योजना बना सकती हैं और सही फैसला ले सकती हैं। बताते चलें कि अंडे फ्रीज़ करने से प्रजनन क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ता। फर्टिलिटी एक्सपर्ट से इस बारे में बात कर आप सही फैसला ले सकती हैं। 

 

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। एग फ्रीजिंग से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले फर्टिलिटी एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।