ईरान और इजराइल के बीच चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच ईरान के आईआरजीसी (इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ) ने कुर्द पेशमर्गा संगठन पर ड्रोन हमला किया, जिसमें कुर्द पेशमर्गा की सबसे कम उम्र की महिला सदस्य की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक आईआरजीसी (IRGC) ने कुर्दिस्तान क्षेत्र में ड्रोन हमला किया, जिसमें कुर्द पेशमर्गा की सदस्य गजल मौलाना घायल हो गई थीं। बाद में उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पाया, जिस वजह से उनकी मौत हो गई।

 

यह घटना बीते मंगलवार यानी 15 अप्रैल की है। आईआरजीसी (IRGC) ने गजल मोलन पर मिसाइल से हमला किया। हमले में 19 वर्षीय गजल घायल हो गईं।

 

समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी जान चली गई। गजल की मौत के बाद कुर्द पेशमर्गा में शोक का माहौल है। गुरुवार की दोपहर को गजल के मित्रों और पति ने सम्मानजनक तरीके से उन्हें सुलैमानीयाह में अंतिम विदाई दी। उसी दौरान आईआरजीसी ( IRGC) उस इलाके में ड्रोन के जरिए मिसाइल हमला कर रहा था।

 

यह भी पढ़ें: रूसी एथलीट को इटली में गहना खरीदने से रोका गया, यूक्रेन क्यों जिम्मेदार? समझिए

 

गजल मोलन को क्यों नहीं मिल पाया इलाज?

गजल के घायल होने के बाद कुर्द पेशमर्गा के अन्य सदस्यों ने उन्हें शोरश अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उस अस्पताल में सुविधाओं की कमी थी। इस वजह से गजल को बख्शीन अस्पताल ले जाया गया, जहां अस्पताल के अधिकारियों ने उन्हें भर्ती करने से इनकार कर दिया। बताया गया कि कुर्द पेशमर्गा संगठन ईरान का विरोध करता है, इसलिए अस्पताल के अधिकारी उनका इलाज करने से कतरा रहे थे।

 

कुर्द पेशमर्गा के सदस्यों ने बख्शीन अस्पताल के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई, ताकि गजल का इलाज हो सके लेकिन करीब 45 मिनट तक उनकी गुहार को नजरअंदाज किया गया। इसके बाद वे गजल को फारुक मेडिकल सेंटर ले गए लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। फारुक अस्पताल के डॉक्टर गजल की जान नहीं बचा पाए।

 

यह भी पढ़ें: 4 लाख से ज्यादा किटकैट चॉकलेट की हो गई चोरी, यूरोप में मची खलबली

मुर्दाघर में नहीं दफनाया गया गजल का शव?

गजल का शव खून से लथपथ था। जब कुर्द पेशमर्गा के सदस्य मुर्दाघर में गजल को दफनाने गए तो मुर्दाघर के अधिकारियों ने शव को दफनाने से इनकार कर दिया, क्योंकि गजल कुर्द पेशमर्गा की सदस्य थीं। इसके बाद गजल के पति और उनके साथियों ने मिलकर सुलैमानीयाह की एक लाइब्रेरी के पास उनके शव को दफनाया।