16 महीने बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस में आमने-सामने की मुलाकात की। पीएम मोदी ने ट्रंप के सामने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया और समझौते में सुरक्षा को शामिल करने पर जोर दिया। फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन के इतर दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया संकट, निवेश और ट्रेड डील समेत कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की।

 

पीएम मोदी ने कहा, 'समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता होनी चाहिए, लाखों भारतीय समुद्री यात्री समुद्री व्यापार क्षेत्र में काम करते हैं। मेरा मानना ​​है कि उनकी सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मुझे भरोसा है कि (ईरान के साथ) समझौते में समुद्री यात्रियों की सुरक्षा के प्रावधान होंगे।' बता दें कि जून महीने में ही अमेरिकी नौसेना ने ओमान तट के करीब तीन भारतीय जहाजों पर हमला किया था। इसमें तीन भारतीय नाविकों की जान गई थी।

 

 

बड़ी भूमिका निभाता रहेगा भारत

डोनाल्ड ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या भारत पश्चिम एशिया में बड़ी भूमिका निभा पाएगा। जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'हां, मुझे उम्मीद है। मुझे लगता है कि भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है। जब तक वह (पीएम नरेंद्र मोदी) नेता हैं। भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा।'

अगर भारत पर हमला हुआ तो अमेरिका साथ होगा

भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छा रिश्ता है। अगर उन पर हमला होता है तो हम उनकी मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे। अगर कोई उस व्यक्ति पर हमला करता है तो हम वहां मौजूद रहेंगे।'

 

यह भी पढ़ें: 'बीचों-बीच सिर पर गिराएंगे बम', ईरान को ट्रंप ने दी नई धमकी

 

ट्रंप ने यह भी कहा, 'जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में उनका (भारत का) एक बहुत अच्छा दोस्त है। यहां हर कोई भारत को पसंद करता है और वे इस व्यक्ति (पीएम नरेंद्र मोदी) का बहुत सम्मान करते हैं।'

पीएम मोदी बातचीत में बेहद सख्त: ट्रंप

पीएम मोदी के बारे में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'वे बातचीत में बहुत सख्त हैं... आप उन्हें देखिए। मैं आपको एक बात बताता हूं, वे दिखने में बहुत अच्छे हैं। वे बहुत अच्छे लगते हैं, जैसे कोई फरिश्ता हो, लेकिन असल में वे उतने ही सख्त हैं जितने कि वे खतरनाक हो सकते हैं। इसलिए वे आपको चौंका देते हैं, लेकिन ऐसे कुछ ही लोग होते हैं। लोग कहते हैं कि वे बहुत अच्छे इंसान हैं। मैंने कहा कि वे बहुत सख्त हैं। वे बातचीत में सख्त हैं। वे भारतीय लोगों से प्यार करते हैं, लेकिन वे अमेरिका से भी प्यार करते हैं। हमने ह्यूस्टन में 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम किया था। स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था। हम भविष्य में कभी भारत जाएंगे।'

 

 

 

हम ट्रेड डील कर रहे हैं

ट्रंप ने यह भी बताया कि भारत और अमेरिका जल्द ट्रेड डील कर रहे हैं। उन्होंने कह, 'फ्रांस में हमारी कुछ बहुत अच्छी बैठकें हुईं। यह G7 है। इसके बाद G2 और फिर G20 होने वाला है। खास तौर पर भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई। हम ट्रेड डील कर रहे हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'डील साइन हो चुकी', ईरान को नहीं मिलेगी तुरंत राहत, होर्मुज पर क्या बोले ट्रंप?

भारत और अमेरिका के बीच बहुत कुछ हो रहा है

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और भारत के बीच बहुत कुछ हो रहा है। अमेरिका अब तक के सबसे अच्छे दौर से गुजर रहा है। हमारे पास 19.2 ट्रिलियन डॉलर से अधिक आ रहे हैं, और हम फैक्टरियां बना रहे हैं। प्रधानमंत्री अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं। वह अमेरिका में बहुत पैसा खर्च कर रहे हैं, इसलिए हम उनके इस काम की तारीफ करते हैं, लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त रहे हैं। हमारे रिश्ते हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं। आपके साथ होना बहुत अच्छा लग रहा है।

 

 

 

ट्रंप ने अहमदाबाद यात्रा को किया याद

ट्रंप ने अपनी अहमदाबाद यात्रा को भी याद किया। उस यात्रा को बेहद शानदार बताया। ट्रंप ने कहा कि भारत का पिछला दौरा बेहद शानदार था। हमने नए स्टेडियम का उद्घाटन किया था। मुझे लगता है कि वहां 3000-4000 लोग थे। स्टेडियम में करीब 1.50 लाख लोगों के बैठने की जगह थी। बाहर 2.50 लाख लोग थे। एक लाख लोग घास पर बैठे थे। मुझे नहीं पता कि यह रिकॉर्ड टूटा है या नहीं, लेकिन भारत में मेरा समय बहुत अच्छा बीता था।