दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम का निधन हो गया है। उन्होंने 76 साल की उम्र में अंतिम सांस ली सोमवार को उनके भाई शेख मोहम्मद बिन राशिद ने इसकी पुष्टि की। उनकी मौत के कारण को अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। उनके निधन के बाद दुबई में 10 दिन के आधिकारिक शोक की घोषणा की गई है। इस दौरान पूरे देश में झंडे आधे झुके रहेंगे। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक जताया है। 

 

शेख मोहम्मद बिन राशिद की ओर से जारी बयान में लिखा, 'अल्लाह शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम पर अपनी रहमत करे। हम उन्हें अलविदा कहते हैं और अल्लाह के फैसले और तकदीर पर पूरा विश्वास रखते हैं। शेख अहमद हमारे दिलों, यादों और दुआओं में हमेशा रहेंगे। हम अल्लाह से दुआ करते हैं कि वह उन्हें अपने जन्नत के बागों में स्थान दे। साथ ही, हमें और दुबई व अमीरात के लोगों को इस दुख को सहने की ताकत दे।' उन्होंने आगे लिखा कि हम अल्लाह के हैं और उसी की ओर लौटकर जाना है।

 

यह भी पढ़ें: बाढ़ के पानी में नहाना 6 बच्चों को पड़ा भारी, भागलपुर में एक साथ 6 की मौत

पीएम मोदी ने जताया शोक

उनके निधन पर पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शोक जताया है। पीएम ने लिखा, 'महामहिम शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन से दुखी हूं। समाज की सेवा के लिए किए गए उनके प्रयासों को आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी। मैं शाही परिवार और दुबई के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को अनंत शांति प्रदान करे।'

 

कौन थे शेख अहमद?

शेख अहमद बिन राशिद का जन्म 1950 में हुआ था। वह दुबई के पूर्व शासक शेख राशिद बिन सईद अल मकतूम के सबसे छोटे बेटे थे। उन्होंने ब्रिटेन की रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट से पढ़ाई की थी। इसके बाद उन्होंने दुबई की सैन्य व्यवस्था में काम किया और सेंट्रल मिलिट्री कमांड से जुड़े रहे। शेख अहमद ने दुबई पुलिस और पब्लिक सिक्योरिटी में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली। वह इसके डिप्टी चेयरमैन भी रहे। इसके अलावा वह कारोबार और रियल एस्टेट से भी जुड़े रहे।