रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी 2022 से अब तक, हर दिन जंग लड़ी जा रही है। क्रिमिया संकट से शुरू हुए इस विवाद की जद में दुनिया के कई देश आए हैं। इस जंग में यूक्रेन के मारियुपोल और बाखमुत जैसे शहर तबाह हो चुके हैं। यूक्रेन का कहना है कि यह तबाही सिर्फ रूस की देन नहीं है। रूस के साथ कई उसकी विचारधारा को आगे बढ़ाने वाले देश हैं, जिनकी गैरकानूनी तरीके से आयातित मिसाइलें, उन्हें जख्म दे रहे हैं।  

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि उत्तर कोरिया हर महीने रूस को दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें भेज रहा है। वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने देश को संबोधित करते हुए कहा था कि यह सिर्फ यूक्रेन के लिए नहीं, दूसरे इलाकों के लिए भी बड़ा खतरा है।

यह भी पढ़ें: ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की बैठक, यूक्रेन से जापान तक डरे क्यों हैं?

यूक्रेन में मिसाइलों का लाइव टेस्ट करा रहे किम जोंग?

वोलोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि उत्तर कोरिया इस युद्ध में अपनी मिसाइलों का असली इस्तेमाल देखकर उनकी क्षमता बेहतर कर रहा है। इससे दक्षिण कोरिया समेत पूरे आसपास के इलाके के लिए नई चुनौतियां और खतरे पैदा हो रहे हैं। यूक्रेन की ओर से इस साल हर महीने मिसाइलें भेजे जाने की बात सार्वजनिक रूप से पहली बार कही गई है।

नॉर्थ कोरिया के खिलाफ क्या चाहता है यूक्रेन?

वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि अगर कोई सहयोगी देश रूस को बैलिस्टिक मिसाइलें दे रहा है तो यूक्रेन के पास भी बराबरी से जवाब देने की ताकत होनी चाहिए। उन्होंने यूरोपीय सहयोगियों से ऐसी मिसाइलों के बराबर क्षमता वाले हथियार देने पर चर्चा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बराबरी से जवाब देना पूरी तरह सही है।

 

क्या नॉर्थ कोरिया किम जोंग के लिए टेस्ट का मैदान है?

उत्तर कोरिया की KN-23 और KN-24 मिसाइलों का इस्तेमाल पिछले साल यूक्रेन युद्ध में हुआ था। इस साल भी रूस ने इन मिसाइलों का इस्तेमाल यूक्रेन के खिलाफ किया है। यूक्रेनी सेना ने जनवरी 2024 में पहली बार इन मिसाइलों के इस्तेमाल की जानकारी दी थी। यूक्रेन की सेना तब इसे ठोस ईंधन वाली कम दूरी की KN-23 और KN-24 बैलिस्टिक मिसाइल बता रही थी। यूक्रेनी सैन्य अधिकारियों के मुताबिक शुरुआत में दागी गई करीब आधी मिसाइलें निशाने तक पहुंचने से पहले हवा में फट गई थीं।

अब क्यों यूक्रेन को डर लग रहा है?

KN-23, (ह्वासोंग-11ए) रूस की 'इस्कंदर-एम' मिसाइल जैसी है। अनुमान है कि इसमें करीब 500 किलो का वारहेड लगता है। इसकी मारक दूरी करीब 450 किलोमीटर है। KN-24 (ह्वासोंग-11बी) इससे छोटी है और इसकी रेंज करीब 402 किलोमीटर है। अमेरिका के ATACMS जैसे मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम से दागा जाता है। यूक्रेनी का कहना है कि रूस हर महीने करीब 65 इस्कंदर-एम मिसाइलें बनाता है।

यह भी पढ़ें: किम जोंग उन की मौत की अफवाह उड़ी, नॉर्थ कोरिया ने तस्वीरें जारी कर किया खारिज

क्या यूक्रेन का दावा गलत है?

अगस्त में रॉयटर्स ने यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी (HUR) के अधिकारी आंद्री चेर्नियाक के हवाले से बताया था कि उत्तर कोरिया की एक मिसाइल यूनिट पश्चिमी रूस में तैनात होने लगी है। आंद्री चेर्नियाक के मुताबिक रूस इस यूनिट को वोरोनिश क्षेत्र में अपनी 112वीं मिसाइल ब्रिगेड के भीतर रखने की योजना बना रहा है। इसमें उत्तर कोरिया के करीब 90 कर्मी होंगे। रूस को उम्मीद है कि इस तैनाती में 120 बैलिस्टिक मिसाइलें और छह लॉन्चर शामिल होंगे। आंद्री चेर्नियाक ने बताया कि उत्तर कोरिया KN-23 और KN-24 की 40 मिसाइलों की नई खेप और कर्मियों को पहले ही भेज चुका है।  

आंद्री चेर्नियाक का कहना है कि उत्तर कोरिया ने 2023 के आखिर से अगस्त 2025 के बीच रूस को ऐसी 150 मिसाइलें दी थीं। रूस ने अगस्त 2025 के बाद पहली बार इन मिसाइलों का इस्तेमाल अगस्त 2026 से एक हफ्ते पहले किया। यह हमला नई खेप की 40 मिसाइलों में से हुआ था।

KN-23 और KN-24 की रेंज और पेलोड रूस की इस्कंदर से ज्यादा है लेकिन ये कम सटीक हैं। इनसे हुए हमलों में आम नागरिकों की ज्यादा मौतें दर्ज हुई हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक रूस के कुर्स्क क्षेत्र में उत्तर कोरिया के करीब 9,500 सैनिक हैं, जो फिलहाल यूक्रेन के खिलाफ सीधी कार्रवाई में शामिल नहीं हैं। उत्तर कोरिया 2024 में कुर्स्क में 14,000 सैनिक भेज चुका है।

यह भी पढ़ें: VIDEO: जर्मन चांसलर मर्त्स के यूक्रेन पहुंचते ही रूस ने पुल पर किया अटैक

यूक्रेन की आपदा नॉर्थ कोरिया के लिए अवसर है?

उत्तर कोरिया ने आधिकारिक रूप से कभी रूस को हथियार या मिसाइल बेचने की बात स्वीकार नहीं की। 2022 से 2024 तक उत्तर कोरिया अमेरिकी आरोपों को बार-बार नकारा और कहा कि रूस को कोई हथियार नहीं भेजा। रूस ने भी यही रुख अपनाया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव उत्तर कोरिया को हथियार बेचने या खरीदने से रोकते हैं, इसलिए ऐसी कोई भी आपूर्ति इनका उल्लंघन मानी जाती है। 

जनवरी 2024 में अमेरिका ने मलबे के विश्लेषण के आधार पर कहा कि रूस ने यूक्रेन पर उत्तर कोरियाई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। खारकीव पर 2 जनवरी के हमले का मलबा KN-23 सीरीज का पाया गया। यूक्रे और अमेरिकी खूफिया एजेंसियों ने इसकी पुष्टि की है। अमेरिका ने इसमें शामिल रूसी संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए हैं।

अप्रैल 2025 के अंत में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया दोनों ने पहली बार सैनिकों की मौजूदगी स्वीकार की, लेकिन मिसाइल आपूर्ति पर आधिकारिक इनकार बना रहा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि रूस ने फीडबैक देकर उत्तर कोरियाई मिसाइलों की सटीकता सुधारने में मदद की। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की, दुनिया से गुहार लगा रह हैं कि अगर कोई देश रूस को बैलिस्टिक मिसाइलें दे रहा है तो यूक्रेन के पास भी बराबरी से जवाब देने की क्षमता होनी चाहिए।