अमेरिका के ओहायो में श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर पर हमले की घटना सामने आई है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने दावा किया है कि रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर पर ईंटें फेंकी गईं, जिससे मंदिर की खिड़कियां टूट गईं और मंदिर को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के दौरान पुजारी और भक्त मंदिर में मौजूद थे। हालांकि, अभी तक इस घटना में किसी के चोटिल होने की खबर सामने नहीं आई है।

 

HAF ने बताया कि घटना का CCTV वीडियो उपलब्ध है और अधिकारी इसकी समीक्षा कर रहे हैं। संगठन के मुताबिक, इस घटना की जानकारी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन FBI की सिविल राइट्स यूनिट को भी दी जा रही है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने कहा कि वह मंदिर के पदाधिकारियों के संपर्क में हैं और हर संभव मदद करेंगे।  

 

यह भी पढ़ें: 5 राज्यों में आधा उद्योग, तमिलनाडु फैक्ट्री तो गुजरात में कमाई में ज्यादा क्यों?

HAF ने इसे हेट क्राइम बताया

HAF ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि यह संभावित हेट क्राइम हो सकता है। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका में हिंदू-अमेरिकी समुदाय के खिलाफ नफरत और हिंसा से भरी बयानबाजी बढ़ी है। इस मामले में संगठन ने कानून लागू करने वाली एजेंसियों से हमलावरों को जल्द पकड़ने को कहा है। इसके अलावा, संगठन ने अमेरिकी नेताओं और सरकारी एजेंसियों से भारतीय और हिंदू-अमेरिकी समुदायों के खिलाफ नफरत भरी बयानबाजी की साफ तौर पर निंदा करने की अपील की है।  

हिंदू हेरिटेज मंथ के दौरान हुई घटना

बता दें कि इस समय अमेरिका के ओहायो समेत कई हिस्सों में हिंदू संगठन हिंदू हेरिटेज मंथ मना रहे हैं। अमेरिका में हर साल अक्टूबर में हिंदू हेरिटेज मंथ   मनाया जाता है। इस दौरान हिंदू संगठन और समुदाय के लोग हिंदू धर्म, संस्कृति, त्योहारों और परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम करते हैं। इसका मकसद लोगों को हिंदू संस्कृति के बारे में बताना और अमेरिका में रहने वाले हिंदू समुदाय की पहचान और परंपराओं को सामने लाना है।  

 

ANI के मुताबिक, हमले के मामले में अब तक किसी संदिग्ध की सार्वजनिक पहचान नहीं हुई है। साथ ही इस मामले में किसी गिरफ्तारी की भी तत्काल पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों ने अभी तक हमले के पीछे धार्मिक मकसद होने की पुष्टि भी नहीं की है।