हैदराबाद के रहने वाले साई प्रदीप की अमेरिका के टेक्सास में 21 अगस्त को मौत हो गई। वह 2024 में मास्टर डिग्री की पढ़ाई के लिए अमेरिका गए थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह करीब चार महीने से नौकरी की तलाश कर रहे थे। परिवार और दोस्तों के मुताबिक, नौकरी नहीं मिलने की वजह से वह काफी तनाव में थे। उनकी मौत को आत्महत्या बताया गया है।
साई प्रदीप को परिवार और दोस्त प्यार से दीपु कहते थे। वह हैदराबाद के दमाइगुडा के रहने वाले थे। अमेरिका जाने के बाद उनका सपना पढ़ाई पूरी करके वहीं नौकरी करने का था। प्रदीप ने अमेरिका में मास्टर डिग्री पूरी कर ली थी और इसके बाद नौकरी की तलाश कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड ने गाड़ी पर किस करके बनाए थे लिप्सटिक वाले 3400 निशान, कट गया चालान
अंतिम संस्कार के लिए जुटाए जा रहे पैसे
प्रदीप की कजिन दीप्ति ने उन्हें अच्छा, खुशमिजाज और मेहनती इंसान बताया। उन्होंने कहा कि प्रदीप को बचपन से कुछ स्वास्थ्य समस्याएं थी लेकिन उन्होंने कभी इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। वह फिटनेस पर काफी ध्यान देते थे और जिम में भी मेहनत करते थे। उनके दोस्तों ने भी उन्हें अच्छा और मदद करने वाला इंसान बताया।
अमेरिका में रहने के दौरान प्रदीप ने स्पेनिश भाषा भी सीखी। परिवार के मुताबिक, उन्हें नई चीजें सीखने में काफी रुचि थी। उनकी कजिन ने बताया कि प्रदीप की अचानक मौत से उनके माता-पिता और परिवार को गहरा सदमा लगा है। जानकारी के लिए बता दें कि अमेरिका जाने से पहले प्रदीप हैदराबाद में अमेजन में भी काम कर चुके थे।
यह भी पढ़ें: 'नौटंकी मत कर यहां, मुकदमा ठोक दूंगा', BJP नेता पर भड़क गए थाना प्रभारी
प्रदीप का शव भारत लाने और अंतिम संस्कार का खर्च जुटाने के लिए उनकी कजिन दीप्ति ने GoFundMe पर फंडरेजर शुरू किया है। इसका लक्ष्य 35 हजार डॉलर जुटाना है। बची हुई रकम प्रदीप के माता-पिता की मदद के लिए इस्तेमाल की जाएगी। मंगलवार तक फंडरेजर में 28 हजार डॉलर से ज्यादा जुटाए जा चुके थे। दीप्ति ने कहा कि प्रदीप की मेहनत, अच्छे स्वभाव और जिंदगी के प्रति उनका प्यार हमेशा परिवार और उनके करीबियों को याद रहेगा।
